Print

अमेरिका ने बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराया, राउंड ऑफ 16 में बेल्जियम से होगी भिड़ंत

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में सह-मेजबान अमेरिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराया। सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में मिली इस जीत के साथ ही अमेरिका ने अंतिम-16 में अपनी जगह बना ली है।

मैच की शुरुआत से ही अमेरिका ने आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। टीम की ओर से फोलारिन बालोगुन ने शानदार गोल दागा, लेकिन ऑफसाइड होने की वजह से उनके इस गोल को अमान्य करार दे दिया गया। हालांकि, पहले हाफ के इंजरी टाइम में बालोगुन ने एक बार फिर मौका बनाया। मलिक टिलमैन के शानदार पास पर उन्होंने डिफेंडरों को छकाते हुए गेंद को गोलकीपर निकोला वासिलज के नीचे से नेट में पहुंचाकर अमेरिका को 1-0 की बढ़त दिलाई।

पहले हाफ के अतिरिक्त समय में बालोगुन दूसरा गोल करने के भी करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार से टकरा गया। दूसरे हाफ में बोस्निया और हर्जेगोविना ने वापसी की कोशिश की। 64वें मिनट में अमेरिका को बड़ा झटका लगा, जब वीएआर की मदद से समीक्षा के बाद बालोगुन को रेड कार्ड दिखा दिया गया। इसके बाद अमेरिका को लगभग आधे घंटे तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

एक खिलाड़ी कम होने के बावजूद अमेरिका ने शानदार संयम दिखाया और विरोधी टीम को बराबरी का कोई मौका नहीं दिया। मैच के अंतिम चरण में मलिक टिलमैन ने फ्री-किक पर बेहतरीन गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इससे पहले, क्रिश्चियन पुलिसिक का एक गोल ऑफसाइड के कारण रद्द हो गया था।

यह फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में किसी यूरोपीय टीम के खिलाफ अमेरिका की महज दूसरी जीत है। इसके साथ ही टीम ने यूरोपीय देशों के खिलाफ चले आ रहे 12 मैचों के हार के सिलसिला को भी खत्म कर दिया है। पिछले चार वर्ल्ड कप में यह चौथी बार है, जब अमेरिका अंतिम-16 तक पहुंचा है। अब मुख्य कोच मौरिसियो पोचेटिनो की टीम 7 जुलाई को राउंड ऑफ 16 मुकाबले में सिएटल स्टेडियम में बेल्जियम से भिड़ेगी। अगर अमेरिका यह मुकाबला जीतता है तो वह 2002 के बाद पहली बार और आधुनिक दौर में सिर्फ दूसरी बार वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल होगा।

(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

6 hours ago | Asian Games 2026

एशियाई खेल 2026 के लिए 503 सदस्यीय भारतीय दल को भव्य विदाई, मनसुख मांडविया ने बढ़ाया हौसला

नई दिल्ली में एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय दल को भव्य विदाई दी गई। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्य ए...

13 hours ago

Asian Games: भारतीय महिला हॉकी टीम जापान रवाना हुई, टीम अपना कैंपेन 20 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ करेगी शुरू

भारतीय महिला हॉकी टीम जापान के आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए रवाना हो गई है। ...