02/11/23 | 3:11 pm

Print

अयोध्या दीपोत्सव: वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ प्रभु श्री राम की नगरी में मनेगा दीपोत्सव, जानें क्या है तैयारी

हर साल की तरह इस वर्ष भी प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन होगा। खासबात ये है कि इस बार भी उत्तर प्रदेश की सरकार ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ दीपोत्सव मनाने की तैयारी कर रही है। इस बार दीपोत्सव में  21 लाख की जगह साढे 24 लाख दीये जलेंगें। इनका शत प्रतिशत निर्माण अयोध्‍या के कुम्‍हारों से करवाया गया है। इनमें से 18 लाख दीयों से ज्‍यादा की आपूर्ति यूनिवर्सिटी को की जा चुकी है। इसके लिए घाटों पर एक दिन पहले ही दीपकों को युद्व स्तर पर वालंटियर्स के द्वारा सजाया जाएगा। 

18.5 लाख दीपों को कुम्हारों से लिया जा चुका

दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर डॉ. राममनोहर अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो0 प्रतिभा गोयल ने बताया कि इस बार राम की पैड़ी,चौधरी चरण सिंह सहित 51 घाटों पर दीपों का प्रज्ज्वलन किया जायेगा। इस बार दीपोत्सव में साढे 24 लाख दीपों से विश्व रिकॉर्ड बनेगा। जिसमें 24 लाख, 50 हजार दीपक को जलाया जाएगा।

कुलपति ने बताया कि अभी तक कुल 18.5 लाख दीपों को कुम्हारों से लिया जा चुका है। 18 लाख, 50 हजार दीपो का संग्रह अभी तक कर लिया गया है। दीपोत्सव में प्रवेश हेतु वालंटियर्स को पास पर क्यू आर कोड आधारित दीपोत्सव का लोगों लगा हुआ पास मिलेगा। जिससे फर्जी पास पर प्रवेश की संभावनाओं को रोका जा सके।

 

पर्यटन विभाग की ओर से रामायण के सातों कांड पर आधारित झांकियां 
वहीं प्रभु श्रीराम की नगरी में अयोध्या में सातवें दीपोत्सव को लेकर सरकारी विभाग अपनी-अपनी ओर से अलग-अलग तैयारी करने में लगे हैं। पर्यटन विभाग भी सातवें दीपोत्सव को एक नए कीर्तिमान के रूप में स्थापित करने के लिए अपने ढंग से तैयारी कर रहा है। दीपोत्सव में रामायण के सातों कांड पर आधारित झांकियां पर्यटन विभाग की ओर से निकाली जाएंगी। इसके अलावा पंचकोसी, 14 कोसी व 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थापित मठ मंदिरों व सामाजिक स्थलों पर पर्यटन विभाग सात लाख दीप जलाएगा।

पर्यटन विभाग की ओर से निकाली जाएंगी कुल आठ झांकियां

पर्यटन विभाग की ओर से दीपोत्सव पर कुल आठ झांकियां निकाली जाएंगी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि तुलसीकृत राम चरित मानस के सात अध्याय बाल काण्ड, अयोध्या काण्ड, अरण्य काण्ड, सुन्दर काण्ड, किष्किंधा काण्ड, लंका काण्ड व उत्तर काण्ड पर आधारित सात झांकियां होंगी, इसके अलावा एक राम रथ की झांकी निकाली जाएगी। ये झांकियां साकेत महाविद्यालय से प्रारंभ होकर नया घाट तक जाएंगी। झांकियों को सजाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

दीपोत्सव पर सात लाख दीपक जलाएगा पर्यटन विभाग

दीपोत्सव में साढे 24 लाख दीपक जलाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पर्यटन विभाग सात लाख दीपक जलाकर सहयोग करेगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि अयोध्या की पंचकोसी, 14 कोसी व 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थापित सभी मठ मंदिरों एवं सामाजिक स्थलों पर पर्यटन विभाग की ओर से दीपोत्सव पर दिए जलाने की व्यवस्था की जा रही है। योगी सरकार इस बार का दीपोत्सव एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस कीर्तिमान को पूरा करने के लिए पर्यटन विभाग भी पूरी ताकत लगा रहा है।

फिर विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना
इसके अलावा  दीपोत्सव के अवसर पर यहां निकलने वाली पारंपरिक शोभायात्रा की तैयारी तेजी से हो रही है। दीपोत्सव के दिन साकेत महाविद्यालय से शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए नया घाट चौराहे तक जाएगी। इस बार यहां 11 झाकियां निकाली जाएंगी। भगवान राम के जन्मकाल से लेकर राज्याभिषेक तक की यात्रा इन झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित की जाएंगी। झांकियों से जुड़ा आयोजन आठ नवम्बर को होगा। बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल का यह दूसरा दीपोत्सव है, जिसे भव्य और दिव्य बनाने के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। करीब साढे 24 लाख दीप जलाकर राम की पैड़ी पर फिर विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना है।