10/11/23 | 10:56 am

Print

थाईलैंड ने खत्म की भारतीयों के लिए वीजा की जरूरत

थाई टूरिज्म के अनुसार भारतीय 10 नवंबर 2023 से 10 मई 2024 तक बिना वीजा के थाईलैंड जा सकते हैं और 30 दिनों तक वहां रह सकते हैं। थाईलैंड ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारत और ताइवान के यात्रियों के लिए वीजा आवश्यकताओं को अस्थायी रूप से हटा दिया है।

थाईलैंड अपने पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बड़ी संख्‍या में भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा संबंधी जरूरत को समाप्‍त कर रहा है। प्रधानमंत्री स्रेत्‍था थाविसिन ने 31 अक्टूबर को कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया को बताया था कि इस साल 10 नवंबर से अगले साल 10 मई तक भारतीय पर्यटक बिना वीजा के थाइलैंड में प्रवेश कर सकेंगे। इसी तरह ताइवान ने भी बड़ी संख्‍या में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए इस योजना का सहारा लिया है। थाईलैंड ने सितंबर में चीन के पर्यटकों के लिए वीजा की जरूरत को समाप्‍त कर दिया था।

ख़ूबसूरत बीच के लिए प्रसिद्ध है थाईलैंड 

थाईलैण्ड का प्राचीन भारतीय नाम श्यामदेश है दक्षिण पूर्वी एशिया में एक देश है। इसकी पूर्वी सीमा पर लाओस और कम्बोडिया, दक्षिणी सीमा पर मलेशिया और पश्चिमी सीमा पर म्यानमार है। इसकी राजधानी बैंकाक है। थाईलैंड को उसके अपने ख़ूबसूरत बीच के लिए जाना जाता है। थाईलैंड के बीच की ख़ूबसूरती भी दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करती है। इसके अलावा घूमने-फिरने के साथ ही बैंकॉक शॉपिंग के लिए भी लोगों के बीच बहुत मशहूर है। जहां दुनिया के गिने-चुने बेहतरीन मार्केट्स हैं।

थाईलैंड पर्यटन के भारत चौथा सबसे बड़ा स्रोत

थाईलैंड के लिए पर्यटन के लिहाज से भारत इस साल अब तक चौथा सबसे बड़ा स्रोत रहा है और 12 लाख भारतीयों ने इस देश की यात्रा की है। दिवाली से पहले थाईलैंड ने भारतीय पर्यटकों को खास तोहफा दिया है। अब वीजा की नहीं पड़ेगी जरुरत, बस पासपोर्ट उठाइए और घूम आइये। थाइलैंड ने ताइवान से आने वाले पर्यटकों के लिए वीजा की अनिवार्यता को भी खत्म किया है। भारत से आने वाले पर्यटकों के कारण थाईलैंड के पर्यटन बाजार में वृद्धि के संकेत दिखे हैं और बड़ी संख्‍या में एयरलाइंस तथा होटलों ने इस ओर ध्यान केंद्रित किया है।

कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?

ई-वीज़ा आवेदकों को अब रॉयल थाई दूतावास/वाणिज्य दूतावास में व्यक्तिगत रूप से पासपोर्ट और सहायक दस्तावेज़ जमा करने की आवश्यकता नहीं है। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि आप केवल तभी आवेदन कर सकते हैं यदि आप वर्तमान में थाईलैंड में नहीं हैं और उन देशों में हैं जहां ई-वीजा सेवाएं उपलब्ध हैं। ई-वीज़ा आवेदन स्वीकृत होने के बाद, आवेदकों को एक पुष्टिकरण ई-मेल भेजा जाएगा, जिसे थाईलैंड की यात्रा करते समय एयरलाइंस और थाई आव्रजन अधिकारियों को प्रस्तुत करने के लिए प्रिंट करना होगा। 

थाईलैंड सरकार का ऐसे समय में इस तरह का ऑफर बेशक टूरिज्म बढ़ाने में मददगार साबित होगा, क्योंकि नवंबर-दिसंबर से यहां घूमने का सीज़न शुरू हो जाता है। क्रिसमस और न्यू ईयर के टाइम तो यहां टूरिस्ट की बहुत ही ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है।