प्रतिक्रिया | Friday, May 16, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

13/12/23 | 12:12 pm

printer

देश का औद्योगिक उत्पादन अक्टूबर में 11.7 फीसदी बढ़ा, छू लिया पिछले 16 महीनों का उच्चतम आंकड़ा 

अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर अच्छी खबर है। दरअसल देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर अक्टूबर महीने में उछल कर 16 महीने के उच्चतम स्तर 11.7 फीसदी पर पहुंच गई है। पिछले साल इसी अवधि में इसमें 4.1 फीसदी की गिरावट आई थी। सितंबर में इसमें महज 5.8 फीसदी की वृद्धि हुई थी।

पिछले 16 महीनों का सबसे उच्चतम आंकड़ा 

राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय यानी एनएसओ ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया कि भारत के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) की वृद्धि अक्टूबर, 2023 में 11.7 फीसदी की दर से बढ़ा है। यह पिछले 16 महीनों का सबसे उच्चतम आंकड़ा है। 

किस वजह से आई तेजी ?

एनएसओ के मुताबिक औद्योगिक उत्पादन में विनिर्माण, खनन एवं बिजली क्षेत्रों के बढ़िया प्रदर्शन की वजह से यह तेजी आई है। एनएसओ की तरफ से जारी मासिक आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन 10.4 फीसदी बढ़ा। खनन क्षेत्र की वृद्धि दर 13.1 फीसदी रही, जबकि बिजली क्षेत्र के उत्पादन में 20.4 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है। 

पहले सात महीने कैसा रहा देश का औद्योगिक उत्पादन ?

इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष 2023-24 के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्टूबर) में देश का औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 6.9 फीसदी पर पहुंच गई है। पिछले साल की समान अवधि में यह 5.3 फीसदी रही थी।

जानकारी के लिए बता दें, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) का त्वरित अनुमान छह सप्ताह के अंतराल के साथ हर महीने की 12 तारीख (या पिछले कार्य दिवस यदि 12 तारीख को छुट्टी है) को जारी किया जाता है। उत्पादक कारखाने/प्रतिष्ठान से प्राप्त आंकड़ों के साथ ही इसे संकलित और आँकड़ों के रूप में जारी किया जाता है। 

 

आगंतुकों: 27113717
आखरी अपडेट: 16th May 2025