अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए अनुमोदन की प्रक्रिया को बुधवार से शुरू कर दिया है।
नए संस्थान भेज सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
मौजूदा एआईसीटीई अनुमोदित तकनीकी संस्थान, डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी, केंद्रीय एवं राज्य या निजी विश्वविद्यालय, तकनीकी और प्रबंधन कार्यक्रम व पाठ्यक्रम चलाने के लिए परिषद से अनुमोदन चाहने वाले नए संस्थान ऑनलाइन आवेदन भेज सकते हैं।
वेब पोर्टल लाइव
इस संबंध में एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रोफेसर टी.जी. सीताराम ने उपाध्यक्ष डॉ. अभय जेरे और सदस्य सचिव प्रो. राजीव कुमार के साथ आधिकारिक तौर पर नई दिल्ली में एआईसीटीई मुख्यालय से अनुमोदन प्रक्रिया के वेब पोर्टल को लाइव किया।
इस संबंध में एआईसीटीई के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव लिंक के साथ एक पोस्ट भी किया गया है जिसके अंतर्गत इस विषय में और अधिक विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
https://x.com/AICTE_INDIA/status/1739964417469821199?s=20
कब तक खुली है सबमिशन विंडो ?
एआईसीटीई से अनुमोदन प्राप्त करने के इच्छुक मौजूदा और नए तकनीकी संस्थान एवं विश्वविद्यालय 01 से 31 जनवरी, 2024 तक काउंसिल की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सबमिशन विंडो 01 से 26 फरवरी 2024 तक खुली है।
हालांकि, जो संस्थान बीबीए, बीसीए या बीएमएस पाठ्यक्रम शुरू करना चाहते हैं उन्हें नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम पर ऑनलाइन आवेदन करके एआईसीटीई से अनुमोदन लेना होगा, भले ही वह मौजूदा संस्थान हों या नए।
क्या है AICTE का मिशन ?
एआईसीटीई का मिशन एक सुविधा प्रदाता और एक वस्तुनिष्ठ नियामक बनना, पारदर्शी शासन और समाज के प्रति जवाबदेह बनना, मान्यता के माध्यम से संस्थानों के विश्वस्तरीय मानकों को सुनिश्चित कर देश में तकनीकी शिक्षा का नियोजित और समन्वित विकास करना, इष्टतम संसाधन उपयोग के लिए/या संस्थानों के नेटवर्क के साथ नेटवर्किंग करना, ज्ञान का प्रसार करना, उद्यमशीलता को बढ़ावा देना, स्वदेशी प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित करना, अनौपचारिक शिक्षा पर ध्यान केन्द्रित करना, सभी को सस्ती शिक्षा प्रदान करना, भारत में तकनीकी शिक्षा को विश्व स्तर पर स्वीकार्य बनाना, उच्च गुणवत्ता वाले संस्थान, शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवीन अनुसंधान और विकास कार्यक्रम विकसित करने पर जोर देना है।


