लक्षद्वीप में विकास को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी आज लक्षद्वीप के कावारत्ती द्वीप में करीब 1,150 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और आधारशिला रखेंगे। जिसमें कनेक्टिविटी, जल आपूर्ति और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। इन परियोजनाओं में कोच्चि और लक्षद्वीप द्वीपों के बीच सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन शामिल है,जिसे 2020 में पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर द्वीप के संचार क्षेत्र को बढ़ाने का वादा किया था । जोकि अब कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सुदूर द्वीपों में निर्णायक सुधार लाने के लिए तैयार है।
सबमरीन केबल से इंटरनेट की गति को उल्लेखनीय रूप से 100 गुना बढ़ाने की उम्मीद है, जिससे यह 1.7 गीगाबिट से 200 गीगाबिट प्रति सेकंड हो जाएगी। इससे लक्षद्वीप में इंटरनेट सेवाओं,टेलीमेडिसिन,ई-गवर्नेंस, शैक्षिक पहल,डिजिटल बैंकिंग और डिजिटल साक्षरता में उल्लेखनीय सुधार आने की संभावना है।
पीएम मोदी सुरक्षित पेयजल के लिए घरेलू नल कनेक्शन का करेंगे उद्घाटन
इस दौरान पीएम मोदी अगत्ती और मिनिकॉय द्वीपों के सभी घरों के लिए घरेलू नल कनेक्शन का भी शुभारंभ करेंगे। इससे न केवल लक्षद्वीप में सुरक्षित पेयजल की आवश्यकता की पूर्ति होगी बल्कि द्वीप की पर्यटन क्षमता को मजबूत करने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में मददगार होगी।
बैटरी आधारित सौर ऊर्जा परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कावारत्ती द्वीप पर बैटरी आधारित सौर ऊर्जा परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे। यह पहल न केवल डीजल आधारित बिजली उत्पादन संयंत्रों पर निर्भरता को कम करेगी बल्कि टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा समाधानों का एक ठोस विकल्प प्रदान करेगी। इसके अलावा पीएम मोदी कावारत्ती में इंडिया रिजर्व बटालियन के नए प्रशासनिक ब्लॉक और 80-पुरुष बैरक का उद्घाटन भी करेंगे। पीएम कल्पेनी में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सुविधा के नवीनीकरण और एंड्रोथ, चेटलाट, कदमत, अगत्ती और मिनिकॉय द्वीपों में आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण की भी आधारशिला रखेंगे। जिससे द्वीप की स्वास्थ्य देखभाल और शैक्षिक सुविधाओं में सुधार आने की संभावना है।
इससे पहले बीते मंगलवार को पीएम मोदी ने लक्षद्वीप की प्रगति पर एक व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लक्षद्वीप के लोगों के लिए जीवन की बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। पीएम मोदी ने कहा ‘लक्षद्वीप में समावेशी और सतत विकास के दृष्टिकोण के साथ तालमेल बिठाते हुए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्थानीय संस्कृति को रक्षा करते हुए द्वीप के विकास पर जोर दिया जा रहा है’।

