प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज शुक्रवार 22 मार्च को भूटान की राजधानी थिम्पू के एक होटल में विशेष स्वागत किया गया। इस दौरान भूटानी युवाओं और युवतियों ने गुजराती पारंपरिक पोशाक घाघरा-चोली पहनकर पीएम मोदी के लिखे गीत पर गुजराती लोक नृत्य गरबा की प्रस्तुति दी।
इस दौरान पीएम मोदी ने भूटान में भारतीय प्रवासियों और भूटान के स्थानीय लोगों से मुलाकात कर बातचीत भी की जो भूटान की राजधानी थिम्पू में होटल के बाहर उनका स्वागत करने के लिए एकत्रित हुए थे।
पीएम मोदी ने होटल में अन्य अधिकारियों का भी अभिवादन स्वीकार किया। पीएम मोदी से मुलाकात पर भारतीय समुदाय के लोगों ने खुशी जताई और कहा कि पीएम मोदी से मिलकर उन्हें सम्मानित महसूस हुआ।
पीएम के स्वागत में पारो एयरपोर्ट से लेकर थिम्पू तक खड़े रहे भूटानी
इससे पहले, पीएम मोदी का भूटान में गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने जोरदार स्वागत किया। भूटान में पीएम मोदी के अभूतपूर्व स्वागत में पारो से राष्ट्रीय राजधानी थिम्पू तक लोग 45 किलोमीटर सड़कों पर खड़े रहे। अपनी भूटान यात्रा के दौरान पीएम मोदी भारत-भूटान द्विपक्षीय साझेदारी को और बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
अपनी इस यात्रा के दौरान, पीएम मोदी थिम्पू में ग्यालत्सुएन जेत्सुन पेमा मातृ एवं शिशु अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। थिम्पू में इस अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण भारत सरकार के सहयोग से किया गया है।


