प्रतिक्रिया | Saturday, June 14, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

26/12/23 | 12:40 pm

printer

पीएम मोदी ने कहा- ‘वीर बाल दिवस’ भारतीयता की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने का प्रतीक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को 'वीर बालक दिवस' पर राष्ट्रीय राजधानी के प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा कि ''वीर बाल दिवस'' भारतीयता की रक्षा और सुरक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरने के संकल्प का प्रतीक है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि बहादुरी की कोई उम्र नहीं होती है।

गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों की शहादत के सम्मान में मनाया जाता है 'वीर बाल दिवस'

गौरतलब हो, वीर बाल दिवस गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह और साहिबजादा बाबा फतेह सिंह के शहादत के सम्मान में मनाया जाता है। इस मौके पर शबद कीर्तन के साथ दोनों साहिबजादा के शौर्य और पराक्रम की वीरगाथा की प्रस्तुति की गई। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी भी मौजूद रहे। 

पीएम ने प्रति वर्ष 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' मनाने की घोषणा की थी

ज्ञात हो, पीएम मोदी ने पिछले साल जनवरी में दोनों साहिबजादों की पुण्य स्मृति में प्रति वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा की थी। 

''वीर बाल दिवस'' पर पीएम ने किया संबोधित 

पीएम मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में ''वीर बाल दिवस'' पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब कोई देश अपनी विरासत पर गर्व करते हुए आगे बढ़ता है तो दुनिया उसका सम्मान करती है।

पीएम ने कहा- 'आज देश वीर साहिबजादों के अमर बलिदान को कर रहा याद'
 
उन्होंने कहा कि आज देश वीर साहिबजादों के अमर बलिदान को याद कर रहा है, उनसे प्रेरणा ले रहा है। आजादी के अमृतकाल में ''वीर बाल दिवस'' के रूप में एक नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। 

शौर्य की पराकाष्ठा के समय कम आयु मायने नहीं रखती

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष देश ने पहली बार 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के तौर पर मनाया था। तब पूरे देश में सभी ने भाव विभोर होकर साहिबजादों की वीर गाथाओं को सुना था। वीर बाल दिवस भारतीयता की रक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरने के संकल्प का प्रतीक है। ये दिन हमें याद दिलाता है कि शौर्य की पराकाष्ठा के समय कम आयु मायने नहीं रखती।

'वीर बाल दिवस'' अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मनाया जाने लगा है

उन्होंने कहा कि ''वीर बाल दिवस'' अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मनाया जाने लगा है। ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूएई और ग्रीस में भी वीर बाल दिवस से जुड़े कार्यक्रम हो रहे हैं। भारत के वीर साहिबजादों को पूरी दुनिया और ज्यादा जानेगी।

आज भारत ''गुलामी की मानसिकता'' से बाहर निकल रहा है

पीएम मोदी ने कहा कि जब तक हमने अपनी विरासत का सम्मान नहीं किया, दुनिया ने भी हमारी विरासत को भाव नहीं दिया। आज जब हम अपनी विरासत पर गर्व कर रहे हैं तो दुनिया का भी नजरिया बदला है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आज का भारत ''गुलामी की मानसिकता'' से बाहर निकल रहा है। 

भारत को अपने लोगों, अपने सामर्थ्य, अपनी प्रेरणाओं पर पूरा भरोसा

आज के भारत को अपने लोगों पर, अपने सामर्थ्य पर, अपनी प्रेरणाओं पर पूरा पूरा भरोसा है। आज के भारत के लिए साहिबजादों का बलिदान राष्ट्रीय प्रेरणा का विषय है। आज के भारत में भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान, गोविंद गुरु का बलिदान पूरे राष्ट्र को प्रेरणा देता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया के उन देशों में से है, जो देश सबसे ज्यादा युवा देश हैं। इतना युवा तो भारत अपनी आजादी की लड़ाई के समय भी नहीं था। जब उस युवाशक्ति ने देश को आजादी दिलाई तो आज की युवाशक्ति भारत को किस ऊंचाई पर ले जा सकती है, यह कल्पना से परे है।

आगंतुकों: 29771280
आखरी अपडेट: 14th Jun 2025