पीएम मोदी ने रविवार 26 नवंबर को रेडियो प्रोग्राम मन की बात के 107वां एपिसोड में 26/11 हमलों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को हम कभी नहीं भूल सकते हैं,आज ही के दिन देश पर सबसे जघन्य हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने मुंबई को, पूरे देश को आतंकित कर दिया था। लेकिन भारत का सामर्थ्य है कि हम उस हमले से उबरे और अब पूरे हौसले के साथ आतंकवाद का पुरजोर मुकाबला कर रहें हैं।
मुंबई हमले में जान गंवाने वाले लोगों को मैं श्रद्धांजलि देता हूं। इस हमले में हमारे जो जांबाज वीरगति को प्राप्त हुए, उन्हें देश आज याद कर रहा है। पीएम मोदी ने लोगों से वोकल फॉर लोकल को एक कदम आगे बढ़ाते हुए देश में ही शादी करने की भी अपील की। सोमवार 27 नवंबर को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व है। पीएम ने इसके लिए भी लोगों को शुभकानएं दीं।
पीएम ने दी संविधान दिवस की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि 1949 में आज ही के दिन संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था। पीएम ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में जब सबका साथ होता है, तभी सबका विकास भी हो पाता है। मुझे संतोष है कि संविधान निर्माताओं के उसी दूरदृष्टि का पालन करते हुए,अब भारत की संसद ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को पास किया है।
दिवाली और छठ पर देश में चार लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबार
पीएम ने कहा कि पिछले महीने 'मन की बात' में मैंने Vocal For Local यानी स्थानीय उत्पादों को खरीदने पर जोर दिया था। कुछ दिनों के भीतर ही दिवाली, भैया दूज और छठ पर देश में चार लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है।
इस दौरान भारत में बने उत्पादों को खरीदने का जबरदस्त उत्साह लोगों में देखा गया। इतना ही नहीं, ऑनलाइन सामान खरीदते समय अब लोग कंट्री ऑफ ओरिजिन भी देखना नहीं भूलते हैं।
पीएम की अपील देश में ही करें शादी
पीएम ने कहा कि शादियों का मौसम शुरू हो चुका है। कुछ व्यापार संगठनों का अनुमान है कि इस सीजन में करीब 5 लाख करोड़ रुपए का कारोबार हो सकता है। लेकिन इन दिनों कुछ परिवारों में विदेश जाकर शादी करने का नया ही वातावरण बनता जा रहा है।
भारत की मिट्टी में, भारत के लोगों के बीच, अगर हम शादी ब्याह मनाएं, तो देश का पैसा, देश में रहेगा। देश के लोगों को आपकी शादी में कुछ न कुछ सेवा करने का अवसर मिलेगा, छोटे-छोटे गरीब लोग भी अपने बच्चों को आपकी शादी की बातें बताएंगे।
2014 में पहला मन की बात एपिसोड हुआ था प्रसारित
मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था। 30 अप्रैल 2023 को मन की बात का 100वां एपिसोड प्रसारित किया गया था। मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण 23 भाषाओं और 29 बोलियों में होता है। फ्रेंच, पश्तो, चाइनीज समेत इसका ब्रॉडकास्ट 11 विदेशी भाषाओं में भी किया जाता है।


