लक्षद्वीप में विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने लक्षद्वीप के कवरत्ती द्वीप में करीब 1150 करोड़ रुपये से भी अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। जिसमें कनेक्टिविटी, जल आपूर्ति और सौर ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। इन परियोजनाओं में कोच्चि और लक्षद्वीप द्वीपों के बीच सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन शामिल है। इन परियोजनाओं से लक्षद्वीप में इंटरनेट की सुविधा बेहतर होगी, और टूरिज्म सेक्टर को बहुत बल मिलेगा। पीएम मोदी के लक्षद्वीप दौरे का आज दूसरा दिन हैं। प्रधान मंत्री ने लैपटॉप योजना के तहत छात्रों को लैपटॉप दिए और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत स्कूली छात्रों को साइकिलें दीं। उन्होंने किसानों और मछुआरों के लाभार्थियों को पीएम किसान क्रेडिट कार्ड भी सौंपे। लक्षद्वीप की लखपति दीदियों ने पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी के लक्षद्वीप दौरे का आज दूसरा दिन हैं।
जो कहा, वो किया
दरअसल अगस्त 2020 में लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस के भाषण में पीएम मोदी ने कोच्चि-लक्षद्वीप द्वीप समूह सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन (केएलआई – एसओएफसी) परियोजना की शुरुआत करके लक्षद्वीप द्वीप में धीमी इंटरनेट गति की चुनौती को दूर करने का संकल्प लिया था। यह परियोजना अब पूरी हो चुकी है और इसका उद्घाटन आज बुधवार को पीएम मोदी ने किया। गौरतलब है कि इससे इंटरनेट स्पीड 100 गुना से ज्यादा (1.7 जीबीपीएस से 200 जीबीपीएस तक) बढ़ जाएगी। यह पहली बार है जब आज़ादी के बाद लक्षद्वीप को सबमरीन ऑप्टिक फाइबर केबल से जोड़ा जाएगा।
लक्षद्वीप में पीएम मोदी का संबोधन
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा की आज लक्षद्वीप की सुबह देखकर मन प्रसन्न हो गया। पीएम ने कहा कि लक्षद्वीप की सुंदरता को शब्दों में समेटना बहुत मुश्किल है। यहां का जमीनी इलाका भले ही कम हैं पर यहां के लोगों का दिल समुंद्र की तरह विशाल हैं।
प्रधान मंत्री ने लक्षद्वीप के विकास की दिशा में सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला और पीएम आवास योजना (ग्रामीण) की संतृप्ति प्राप्त करने, प्रत्येक लाभार्थी को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने, पीएम किसान क्रेडिट कार्ड और आयुष्मान कार्ड के वितरण और विकास के बारे में जानकारी दी।
लक्षद्वीप के लोगों को दिया आश्वासन
प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों को धन वितरित करते समय प्राप्त पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए, प्रधान मंत्री ने कहा कि इससे भ्रष्टाचार पर काफी हद तक अंकुश लगा है। उन्होंने लक्षद्वीप के लोगों को आश्वासन दिया कि उनके अधिकार छीनने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
लक्षद्वीप के लोगों के लिए 100 गुना तेज इंटरनेट
उन्होंने कहा कि कोच्चि-लक्षद्वीप द्वीप समूह सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन (केएलआई – एसओएफसी) परियोजना आज लोगों को समर्पित कर दी गई है और यह लक्षद्वीप के लोगों के लिए 100 गुना तेज इंटरनेट सुनिश्चित करेगी। इससे सरकारी सेवाओं, चिकित्सा उपचार, शिक्षा और डिजिटल बैंकिंग जैसी सुविधाओं में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप को लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने की क्षमता को इससे ताकत मिलेगी।
लक्षद्वीप में चल रहे विकास कार्यों के बारे में बताया
कदमत में लो टेम्परेचर थर्मल डिसेलिनेशन (LTTD) प्लांट का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लक्षद्वीप में हर घर तक पाइप से पानी पहुंचाने का काम तेज गति से चल रहा है। प्रधान मंत्री ने पिछले वर्षों में लक्षद्वीप में किसी भी शीर्ष शिक्षा संस्थान की अनुपस्थिति की ओर इशारा किया, जिसके कारण द्वीपों से युवाओं का पलायन हुआ।
पीएम मोदी ने एंड्रोट और कदमत द्वीपों में कला और विज्ञान के लिए शैक्षणिक संस्थानों और मिनिकॉय में पॉलिटेक्निक संस्थान की शुरुआत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “इससे लक्षद्वीप के युवाओं को काफी फायदा हो रहा है।”
वैश्विक समुद्री भोजन बाजार में भारत के प्रयास
प्रधान मंत्री ने वैश्विक समुद्री भोजन बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के भारत के प्रयास पर प्रकाश डाला, जिससे लक्षद्वीप को लाभ हुआ क्योंकि स्थानीय टूना मछली जापान को निर्यात की जा रही है। पीएम मोदी ने निर्यात गुणवत्ता वाली स्थानीय मछली की संभावनाओं को रेखांकित किया जो मछुआरों के जीवन को बदल सकती है। उन्होंने समुद्री शैवाल खेती की संभावनाओं की खोज के बारे में भी जानकारी दी।
लक्षद्वीप में सौर ऊर्जा पहल
उन्होंने क्षेत्र की नाजुक पारिस्थितिकी की रक्षा पर जोर दिया और कहा कि कवरत्ती में सौर ऊर्जा संयंत्र, जो लक्षद्वीप की पहली बैटरी समर्थित सौर ऊर्जा परियोजना है, ऐसी पहल का हिस्सा है।
लक्षद्वीप को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने केंद्र शासित प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने के सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने यहां हाल ही में संपन्न हुई G20 बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि लक्षद्वीप को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप में दो ब्लू-फ्लैग मानदंड वाले समुद्र तट हैं और कदमत और सुहेली द्वीपों पर जल विला परियोजनाओं के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप क्रूज पर्यटन के लिए एक प्रमुख गंतव्य बनता जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने लोगों को लक्षद्वीप की सुंदरता देखने को कहा
पीएम मोदी ने बताया कि पांच साल पहले की तुलना में पर्यटकों की आमद पांच गुना बढ़ गई है। पीएम मोदी ने भारत के नागरिकों से विदेश यात्रा का निर्णय लेने से पहले देश में कम से कम पंद्रह स्थानों की यात्रा करने को कहा। उन्होंने उन लोगों से भी आग्रह किया जो विदेशों में द्वीप राष्ट्रों की यात्रा करना चाहते हैं, वे लक्षद्वीप की यात्रा करें। उन्होंने कहा, “एक बार जब आप लक्षद्वीप की सुंदरता देख लेंगे, तो दुनिया के अन्य गंतव्य फीके नजर आएंगे।”