प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21-22 मार्च की भूटान यात्रा वहां के खराब मौसम के कारण स्थगित कर दी गई है। विदेश मंत्रालय के अनुसार पारो हवाई अड्डे पर चल रही खराब मौसम की स्थिति के कारण पीएम मोदी की भूटान यात्रा स्थगित कर दी गई है। दोनों पक्षों द्वारा राजनयिक चैनलों के माध्यम से नई तारीखों को तय करने का काम जारी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21-22 मार्च को पड़ोसी देश भूटान की राजकीय यात्रा पर जाने वाले थे। अपनी यात्रा में पीएम मोदी भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान के चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से मुलाकात करने वाले थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के साथ भी बातचीत करने वाले थे।
भारत और भूटान में एक अनूठी और स्थायी साझेदारी
बता दें कि भारत और भूटान एक अनूठी और स्थायी साझेदारी साझा करते हैं जो आपसी विश्वास, समझ और सद्भावना पर आधारित है। दोनों देशों की साझा आध्यात्मिक विरासत और लोगों के बीच मधुर संबंध हमारे असाधारण संबंधों में गहराई और जीवंतता जोड़ते हैं।
पीएम बनने के बाद पहली विदेश यात्रा पर भारत आए
इससे पहले भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे इसी महीने भारत की आधिकारिक यात्रा आए। फरवरी 2024 में पदभार संभालने के बाद उनकी यह पहली विदेश यात्रा रही। उन्होंने भारत-भूटान की विशिष्ट और अद्वितीय मित्रता को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की।
भारत को बताया भरोसेमंद भागीदार
अपने दौरे के दौरान भूटान के प्रधानमंत्री ने भूटान की विकासात्मक प्राथमिकताओं में एक विश्वसनीय, महत्वपूर्ण और भरोसेमंद भागीदार के रूप में भारत की असाधारण भूमिका की सराहना की। भूटान नरेश की ओर से प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भूटान आने का निमंत्रण भी दिया था।


