प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में एयरपोर्ट टर्मिनल की नई इमारत का उद्घाटन किया। इस हवाई अड्डे की इमारत के निर्माण पर लगभग 1100 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस हवाई अड्डे से कनेक्टिविटी बढ़ेगी और इसके माध्यम से क्षेत्र के आर्थिक विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। साथ ही प्रधानमंत्री ने भारतीदासन विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित भी किया।
नए टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण पर 1100 करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत आई है। इस दो मंजिला नई बिल्डिंग में सालाना 44 लाख से अधिक यात्रियों को सेवाएं दी जा सकेंगी। नया टर्मिनल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और वहीं व्यस्त समय में भी यहां लगभग 3500 यात्रियों को हवाई सेवाएं दी जा सकती हैं। तिरुचिरापल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा यात्रियों के अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रैफिक के लिहाज से तमिलनाडु में चेन्नई के बाद दूसरा सबसे बड़ा हवाई अड्डा है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तमिलनाडु स्थित भारतीदासन यूनिवर्सिटी के 38वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पीएम ने कहा कि पीएम ने कहा, “आप ऐसे समय में दुनिया में कदम रख रहे हैं जब हर क्षेत्र में हर कोई आपको नई उम्मीद से देख रहा है। युवा का मतलब है ऊर्जा। इसका मतलब है क्षमता, गति, कौशल और पैमाने के साथ काम करना।” उन्होंने कहा “जो विज्ञान आप सीखते हैं वह आपके गांव के किसान की मदद कर सकता है, जो तकनीक आप सीखते हैं वह जटिल समस्याओं को हल करने में मदद कर सकती है। जो व्यवसाय प्रबंधन आप सीखते हैं वह व्यवसाय चलाने में मदद कर सकता है। एक तरह से, यहां का प्रत्येक स्नातक 2047 तक एक विकसित भारत बनाने में योगदान देने में मदद कर सकता है।”


