11/01/24 | 1:37 pm

Print

प्रधानमंत्री 12 जनवरी को महाराष्ट्र का दौरा करेंगे, 30,500 करोड़ से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 12 जनवरी 2024 को महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12:15 बजे नासिक पहुंचेंगे, जहां वह 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इसके पश्चात दोपहर करीब 3:30 बजे मुंबई में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु का उद्घाटन करेंगे और यात्रा करेंगे। तत्पश्चात् करीब 4:15 बजे, प्रधानमंत्री नवी मुंबई में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वह कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

अटल सेतु का होगा उद्घाटन

दरअसल, प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण शहरी परिवहन बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत करके नागरिकों की 'आवाजाही में आसानी' को लेकर सुधार करना है। इस दृष्टिकोण के अनुरूप ही मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल), जिसे अब 'अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी- न्हावा शेवा अटल सेतु' नाम दिया गया है, बनाया गया है। इस पुल का शिलान्यास दिसंबर 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही किया था।

अटल सेतु का निर्माण कुल 17,840 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। यह लगभग 21.8 किमी लंबा 6-लेन का पुल है जिसकी लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किलोमीटर और जमीन पर लगभग 5.5 किलोमीटर है। यह भारत का सबसे लंबा पुल और देश का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है। भविष्य में यह मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को तेज़ कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा के समय को भी कम करेगा। इससे मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा।

नवी मुंबई में सार्वजनिक कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नवी मुंबई में सार्वजनिक कार्यक्रम में 12,700 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

ऑरेंज गेट-मरीन ड्राइव सुरंग की रखेंगे आधारशिला

इसके अलावा प्रधानमंत्री ईस्टर्न फ्रीवे के ऑरेंज गेट को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली भूमिगत सड़क सुरंग की आधारशिला रखेंगे। 9.2 किलोमीटर लंबी सुरंग 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई जाएगी। यह मुंबई में एक अहम बुनियादी ढांचा विकास होगा जो ऑरेंज गेट और मरीन ड्राइव के बीच यात्रा के समय को कम कर देगा।

रेल और पेयजल से जुड़ी कई परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे

साथ ही प्रधानमंत्री सूर्या क्षेत्रीय थोक पेयजल परियोजना का पहला चरण राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 1,975 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित यह परियोजना महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे जिले को पेयजल आपूर्ति प्रदान करेगी, जिससे लगभग 14 लाख आबादी को लाभ होगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करीब 2,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें 'उरण-खारकोपर रेलवे लाइन के चरण 2' का समर्पण शामिल है, जो नवी मुंबई से कनेक्टिविटी बढ़ाएगा क्योंकि नेरुल/बेलापुर से खारकोपर के बीच चलने वाली उपनगरीय सेवाओं को अब उरण तक बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री उरण रेलवे स्टेशन से खारकोपर तक ईएमयू ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

राष्ट्र को समर्पित की जाने वाली अन्य रेल परियोजनाओं में ठाणे-वाशी/पनवेल ट्रांस-हार्बर लाइन पर एक नया उपनगरीय स्टेशन 'दीघा गांव' और खार रोड और गोरेगांव रेलवे स्टेशन के बीच नई छठवीं लाइन शामिल है। इन परियोजनाओं से मुंबई के हजारों दैनिक यात्रियों को लाभ होगा।

'भारत रत्नम' और न्यू एंटरप्राइजेज एंड सर्विसेज टॉवर (एनईएसटी)-01 का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री सांताक्रूज इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट प्रोसेसिंग जोन- स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEEPZ SEZ) में रत्न और आभूषण क्षेत्र के लिए 'भारत रत्नम' (मेगा कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर) का उद्घाटन करेंगे, जो 3डी सहित दुनिया में सर्वोत्तम उपलब्ध मशीनों के साथ भारत में अपनी तरह का पहला केंद्र है। धातु मुद्रण इसमें विशेष रूप से दिव्यांग छात्रों सहित इस क्षेत्र के कार्यबल के कौशल के लिए एक प्रशिक्षण स्कूल होगा। मेगा सीएफसी रत्न और आभूषण व्यापार में निर्यात क्षेत्र को बदल देगा और घरेलू विनिर्माण को भी मदद करेगा।

प्रधानमंत्री SEEPZ-SEZ में न्यू एंटरप्राइजेज एंड सर्विसेज टॉवर (एनईएसटी)-01 का भी उद्घाटन करेंगे। एनईएसटी – 01 मुख्य रूप से रत्न और आभूषण क्षेत्र की इकाइयों के लिए है, जिन्हें मौजूदा स्टैंडर्ड डिजाइन फैक्ट्री- I से स्थानांतरित किया जाएगा। नए टावर को बड़े पैमाने पर उत्पादन और उद्योग की मांग के अनुसार डिजाइन किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नमो महिला सशक्तीकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। अभियान का लक्ष्य महाराष्ट्र राज्य में महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण और उद्यमिता विकास का अनुभव प्रदान करके सशक्त बनाना है। यह अभियान राज्य और केंद्र सरकारों के महिला विकास कार्यक्रमों के अभिसरण और संतृप्ति की दिशा में भी प्रयास करेगा।

27 वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव

प्रधानमंत्री का निरंतर प्रयास रहा है कि युवाओं को देश की विकास यात्रा का अहम हिस्सा बनाया जाए। इस प्रयास में प्रधानमंत्री नासिक में 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव (एनवाईएफ) का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय युवा महोत्सव हर साल 12 से 16 जनवरी तक आयोजित किया जाता है, 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती होती है। इस वर्ष महोत्सव का मेजबान राज्य महाराष्ट्र है। इस वर्ष के महोत्सव का विषय है विकसित भारत@2047: युवाओं के लिए, युवाओं के द्वारा।

इसी क्रम में एनवाईएफ एक ऐसा मंच बनाना चाहता है जहां भारत के विभिन्न क्षेत्रों के युवा एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ अपने अनुभव साझा कर सकें और एकजुट राष्ट्र की नींव मजबूत कर सकें। नासिक में इस महोत्सव में देशभर से लगभग 7,500 युवा प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस महोत्सव में सांस्कृतिक प्रदर्शन, स्वदेशी खेल, भाषण और विषयगत आधारित प्रस्तुति, युवा कलाकार शिविर, पोस्टर मेकिंग, कहानी लेखन, युवा सम्मेलन, खाद्य महोत्सव आदि सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

by- राजेश सैनी

RELATED ARTICLES

15 mins ago | India T20 World Cup 2026 captain Suryakumar Yadav

टी20 विश्व कप जीत के बाद सूर्यकुमार यादव का बड़ा लक्ष्य, 2028 ओलंपिक गोल्ड पर नजर

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 विश्व कप जीतने के बाद अपने अगले बड़े लक्ष्य स्पष...

41 mins ago | America

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर के पार, वैश्विक बाजारों में हलचल

ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बाधित होने और वैश्विक बाजारो...