04/01/24 | 7:49 pm

Print

भारत-चीन राजनयिक और सैन्य दोनों पक्षों पर बातचीत कर रहे हैं: विदेश मंत्रालय

भारत-चीन सीमा स्थिति पर हालिया अपडेट में, विदेश मंत्रालय ने चीन के साथ अपने संबंधों पर भारत की दीर्घकालिक स्थिति को दोहराया। यह स्वीकार करने के बावजूद कि संबंध सामान्य नहीं हैं, दोनों देश समाधान खोजने के लिए राजनयिक और सैन्य दोनों तरह की चर्चाओं में लगे हुए हैं।

साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान, विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि भारत और चीन ने अक्टूबर और नवंबर में सैन्य और राजनयिक पक्ष दोनों पर बातचीत की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि अक्टूबर में दोनों देशों की कमांडर-स्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें  सैन्य और राजनयिक तंत्र के माध्यम से बातचीत पर आम सहमति बनी थी। इस बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर शांति बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्धता जताई गई थी।  

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए कार्य तंत्र (WMCC) की बीसवीं बैठक पिछले साल 30 नवंबर को हुई थी, जिसमें दोनों के बीच सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखने, जमीनी स्तर पर स्थिर स्थिति सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने की जरूरत पर सहमत हुए।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों पक्ष सैन्य और राजनयिक चैनलों के माध्यम से बातचीत जारी रखने के लिए जल्द से जल्द वरिष्ठ कमांडरों की बैठक का अगला दौर आयोजित करने पर सहमत हुए हैं।