12/12/23 | 2:19 pm

Print

भारत वेनेजुएला और गुयाना के घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है: विदेश मंत्रालय

भारत दक्षिण अमेरिकी देशों वेनेजुएला और गुयाना के बीच सैन्य संघर्ष की ओर जाते सीमा विवाद पर नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि हमारा मानना है कि इस मुद्दे को शांतिपूर्वक हल किया जाना चाहिए और तनावपूर्ण कदमों से बचना चाहिए।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर तनाव कम करने के लिए हालिया क्षेत्रीय राजनयिक पहल का स्वागत किया है। मंत्रालय का कहना है कि इस मामले पर पहले से ही अंतरराष्ट्रीय न्यायालय द्वारा विचार किया जा रहा है।

गुयाना में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं और भारत के गुयाना के साथ मजबूत संबंध हैं। इस दृष्टि से वहां का घटनाक्रम भारत के लिए विशेष चिंता का विषय है।

गुयाना के एक क्षेत्र एसेक्विबो पर लंबे समय से चल रहे सीमा विवाद के कारण वेनेजुएला और गुयाना के बीच हाल के हफ्तों में तनाव बढ़ रहा है, जहां तेल और गैस की बड़े पैमाने पर खोज की गई है। यही क्षेत्र वेनेजुएला और गुयाना के बीच तनाव का कारण है।