मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है । प्रदेश के कुल 5.60 करोड़ मतदाता 2533 उम्मीदवारों की सियासी किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को जारी किये जायेंगे। राज्य की 230 विधानसभा सीटों के लिए 64 हजार 523 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में 17 हजार संवदेनशील पोलिंग बूथों की पहचान की गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक, आधे पोलिंग बूथ की कैमरे के जरिए निगरानी की जा रही है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा 38 उम्मीदवार प्रदेश की अटेर विधानसभा में हैं। चुनाव आयोग ने यहां तीन ईवीएम मशीन लगाए हैं । जबकि, सबसे कम उम्मीदवार व्यौहारी और अनूपपुर में हैं। इन दोनों सीटों पर 5-5 प्रत्याशी मैदान में हैं।
35 हजार मतदान केंद्रों पर होगी कैमरे की नजर
इस बार विधानसभा में 50 फीसदी से अधिकार मतदान केंद्रों पर कैमरे के निगरान में होगी। पिछले चुनाव में सिर्फ 10 फीसदी मतदान केंद्रों पर ही कैमरे लगाये गये थे,लेकिन इस बार 35 हजार लगाये गये हैं। मुख्य चुनाव पदाधिकारी अनुपम राजन के मुताबिक, इस बार मतदान की हर हरकत कैमरे में कैद होगी, इसलिए मतदाता खुलकर वोट करें।
चुनावी मैदान में 2533 प्रत्याशी आजमाएंगे अपनी किस्मत
इस बार चुनाव में कुल 2533 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इसमें बीजेपी-कांग्रेस ने सभी 230 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी ने 181 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। आम आदमी पार्टी ने 66, सपा के 71 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि, निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या 1166 है। एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
22 लाख युवा पहली बार देंगे अपना मतदान
चुनाव में इस बार युवा और महिला मतदाताओं को गेम चेंजर माना जा रहा है। 18 से 19 साल के 22 लाख युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। प्रदेश में 20 से 39 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 86 लाख है। जबकि प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 60 लाख है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 88 लाख 25 हजार 607 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 72 लाख 33 हजार 945 है। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1373 है। 75 हजार से ज्यादा कर्मचारी पोस्टल बैलेट से अपना मतदान करेंगे।
छत्तीसगढ़ में भी दूसरे चरण का मतदान शुरू
छत्तीसगढ़ में 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए सुबह आठ बजे से वोट पड़ने शुरू हो गये हैं जो शाम को पांच बजे तक चलेगें। केवल बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नौ मतदान केंद्रों कामरभौदी, आमामोरा, ओढ, बड़े गोबरा, गंवरगांव, गरीबा, नागेश, सहबीनकछार और कोदोमाली में सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इनके अलावा बिन्द्रानवागढ़ के शेष मतदान केंद्रों में 69 विधानसभा क्षेत्रों की तरह सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।
प्रदेश के 22 जिलों की 70 विधानसभा सीटों में 1 करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता हैं। जिसमें पुरुष मतदाता 8141624 और महिला 8172171 मतदाता हैं, जबकि कुल 684 ट्रांसजेंडर्स वोटर्स हैं। 70 विधानसभा सीटों में एसटी की 17, एससी की 9 और 44 सामान्य सीटें हैं।
दूसरे चरण के मतदान के लिए 70 विधानसभा सीटों पर 958 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिसमें से 130 महिला उम्मीदवार, 827 पुरुष उम्मीदवार और एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार हैं। सबसे ज्यादा उम्मीदवार रायपुर जिले में हैं, जहां से 122 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। रायपुर पश्चिम विधानसभा से 26 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं सबसे कम उम्मीदवार डौंडीलोहारा विधानसभा सीट पर हैं, जहां पर केवल 4 उम्मीदवार हैं। वहीं सबसे ज्यादा 7 महिला उम्मीदवार प्रतापपुर विधानसभा में हैं। वहीं मैदान में 24 मुस्लिम उम्मीदवार हैं। जिनमें से 4 महिला उम्मीदवार हैं।
छत्तीसगढ़ में किस पार्टी के कितने प्रत्याशी?
कैंडिडेट की बात करें तो आम आदमी पार्टी के 44, बीएसपी से 44, कांग्रेस से 70,बीजेपी से 70,जेसीसीजे से 67, निर्दलीय 357 और अन्य 304 उम्मीदवार मैदान में हैं। छत्तीसगढ़ चुनाव के सेकेंड फेज में कुल 130 महिलाएं यानी 14 फीसदी महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रहीं हैं, जिनमें कांग्रेस से 15 और बीजेपी से 12 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।


