संयुक्त राष्ट्र संघ ने भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर अपने समकक्षों से बेहतर रहने का अनुमान जताया है। यूएन ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि मजबूत घरेलू मांग और विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्रों में मजबूती से भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2024 में 6.2 फीसदी रहने का अनुमान है।
2025 में भारत की जीडीपी 6.6 फीसदी रहने का अनुमान
संयुक्त राष्ट्र की गुरुवार को जारी विश्व आर्थिक स्थिति एवं संभावनाएं (डब्ल्यूईएसपी) 2024 रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था 2024 में 6.2 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, साल 2025 में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) मामूली बढ़कर 6.6 फीसदी रहने का अनुमान है।
दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था
रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण एशिया का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 2024 में 5.2 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है। हालांकि रिपोर्ट में वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर पिछले साल के अनुमानित 2.7 फीसदी से घटकर साल 2024 में 2.4 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में मजबूत विस्तार का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा, जो दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनी हुई है।


