23/11/23 | 11:16 am

Print

24 नवम्बर से नेपाल और भारतीय सेना के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्य किरण’  

नेपाली और भारतीय सेना के बीच उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में 24 नवम्बर से 7 दिसम्बर तक संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्य किरण’ शुरू होने जा रहा है। इसमें भाग के लिए नेपाली सेना का एक दस्ता बुधवार को काठमांडू से भारत रवाना हुआ।

पिथौरागढ़ में होने जा रहा है यह सैन्य अभ्यास 

नेपाली सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल कृष्ण प्रसाद भण्डारी ने बताया कि दोनों देशों के बीच हर साल होने वाला संयुक्त सैन्य अभ्यास इस वर्ष भारत के पिथौरागढ़ (उत्तराखंड) में होने जा रहा है। 

‘सूर्य किरण’ का यह 17वां संस्करण

आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्य किरण का यह 17वां संस्करण है, जिसमें सहभागी होने के लिए नेपाली दस्ता पिथौरागढ़ रवाना हुआ है। 

प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है ‘सूर्य किरण’ 

इस सैन्य अभ्यास में जंगल वारफेयर, पहाड़ों पर होने वाली आतंकी घटनाओं का सामना, मानवीय सहायता जैसी घटनाओं पर संयुक्त अभ्यास किया जाता है। एक वर्ष भारत में और एक वर्ष नेपाल में होने वाला यह संयुक्त सैन्य अभ्यास पिछले वर्ष नेपाल में स्थित सलझंडी के नेपाल आर्मी बैटल स्कूल में हुआ था।