08/06/26 | 9:11 pm

Print

फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में 7.8 तीव्रता का भूकंप, पीएम मोदी ने जानमाल की हानि पर जताया दुख

फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में आए 7.8 तीव्रता के ऑफशोर (समुद्र के पास) भूकंप में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज फिलीपींस के मिंडानाओ में आए भूकंप से हुई जानमाल की हानि और तबाही से मैं बहुत दुखी हूं। मेरी हार्दिक संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। भारत फिलीपींस के लोगों और सरकार के साथ पूरी तरह से एकजुट है।

फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी ने बताया कि यह भूकंप सुबह 7:37 बजे (स्थानीय समय) आया और इसकी गहराई 33 किलोमीटर थी। इसका केंद्र सारंगानी प्रांत के मासिम शहर से लगभग 32 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में समुद्र के नीचे था, जो जनरल सैंटोस के पास है। इस शहर की आबादी लगभग सात लाख है।

संस्थान के अनुसार, इस कंपन के बाद ऊंची-ऊंची लहरें उठीं, ज‍िनकी अधिकतम ऊंचाई 1.4 मीटर थी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, कुछ इमारतें गिर गईं और कई जगह बिजली भी चली गई। आसपास के प्रांतों में भी झटके महसूस किए गए। भूकंप के बाद संस्थान ने नौ तटीय प्रांतों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की और लोगों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने या सुरक्षित अंदरूनी इलाकों में जाने की सलाह दी है।

यह भी अनुमान लगाया गया है कि पहली सुनामी लहरें सोमवार सुबह तक पहुंच सकती हैं और इसके बाद कई घंटों तक असर रह सकता है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस ने प्रभावित इलाकों में आपदा राहत और निगरानी के निर्देश दिए और लोगों से तुरंत ऊंची जगहों पर जाने की अपील की। यह भूकंप मिंडानाओ के पास समुद्र में आया, जो फिलीपींस का दूसरा सबसे बड़ा द्वीप है और दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंपीय गतिविधि वाले इलाकों में से एक माना जाता है।

फिलीपींस दुनिया के उस हिस्से में स्थित है जिसे ‘रिंग ऑफ फायर’ कहा जाता है। यह वह क्षेत्र है जहां टेक्टोनिक प्लेट्स की सीमाएं मिलती हैं और यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट होते रहते हैं।

RELATED ARTICLES

2 hours ago | BRICS Summit

BRICS Summit : 7 साल बाद भारत आ रहे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दो दिवसीय समिट में लेंगे भाग

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज शनिवार को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में...

2 hours ago | 18th BRICS Summit

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की आज से नई दिल्ली में शुरुआत, दो दिन तक चलेगा मंथन

भारत आज शनिवार से राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा...