23/12/23 | 9:45 am

Print

75वें गणतंत्र दिवस पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों होंगे मुख्य अतिथि,भारत-फ्रांस मनाएंगे लोकतांत्रिक मूल्यों का जश्न : पीएम मोदी  

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों आगामी 26 जनवरी को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पर 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए न्योता दिया जिसे फ्रांस के राष्ट्रपति ने सहर्ष स्वीकार करते हुए पीएम मोदी का आभार जताया। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपनी उत्सुकता और खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा ' मैं अपने मित्र फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का 75वें गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं। इस दिन भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों में साझा विश्वास का जश्न भी मनाएंगे।’

फ्रांस के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी का जताया आभार 

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने भी एक्स हैंडल पर आमंत्रण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने लिखा' मित्र नरेन्द्र मोदी निमंत्रण के लिए धन्यवाद। मैं भारत के गणतंत्र दिवस समारोह पर जश्न मनाने के लिए समारोह में आपके साथ रहूंगा।'

भारत और फ्रांस इस साल मना रहे रणनीतिक साझेदारी की सिल्वर जुबली 

भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, रणनीतिक साझेदार के रूप में भारत और फ्रांस कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर उच्च स्तर की समानता साझा करते हैं। इस वर्ष भारत-फ्रांस अपनी रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ (सिल्वर जुबली) मना रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी 14 जुलाई को पेरिस में आयोजित बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि थे। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों 8 और 9 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत के दौरे पर आए थे।

खास बात यह है कि भारत अपने गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए हर साल वैश्विक नेताओं को आमंत्रित करता है। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 2021 और 2022 में इस समारोह में किसी को भी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित नहीं किया गया। राष्ट्रपति मैक्रों गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले छठे फ्रांसीसी नेता होंगे। वर्ष 2023 के गणतंत्र दिवस समारोह में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी मुख्य अतिथि थे। वर्ष 2020 में ब्राजील के तत्कालीन राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

भारत और फ्रांस की विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी है जिसमें रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष, नागरिक परमाणु मामलों और आर्थिक विकास प्रमुख है। इसके अलावा यह सहयोग डिजिटल सहयोग और अंतरिक्ष सहयोग जैसे क्षेत्रों तक फैला हुआ है। भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के लिए मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति मैक्रों का निमंत्रण स्वीकार करना दोनों देशों के बीच गहरे होते रिश्ते को दर्शाता है।

RELATED ARTICLES

5 hours ago | BRICS

भारत-वियतनाम रक्षा सहयोग को नई गति, मेड-इन-इंडिया सामग्री की आपूर्ति बढ़ाने पर जोर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वियतनाम के विदेश मंत्री ले होआई ट्रुंग ने सोमवार को नई दिल्ली में भार...

5 hours ago | Atmanirbhar Bharat

पोखरण में पहले भारतीय वायु सेना ड्रोनाथॉन-2026 का शुभारंभ, 20 से अधिक कंपनियां ले रहीं हिस्सा

वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को जैसलमेर स्थित पोखरण फील्ड फायरिं...