विकसित बिहार के लक्ष्य को साधने वाला बजट : नीतीश कुमार

बिहार विधानसभा में मंगलवार को वित्त मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को साकार करने वाला बजट है, जो न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित है।

सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार बजट

सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि इस बजट में किसानों, उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। उन्होंने इसे सम्पूर्ण, समावेशी और विकास को बढ़ावा देने वाला बजट बताया।

3.47 लाख करोड़ रुपए से अधिक का बजट

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष बिहार का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपए से अधिक का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य की विकास दर 14.9% रहने का अनुमान है।

सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को मिलेगी गति

नीतीश कुमार ने कहा कि यह बजट सरकार द्वारा लागू किए गए सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

युवाओं और महिलाओं पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वित्तीय संसाधनों का समुचित प्रबंधन कर युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का काम शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार के लिए 2 लाख रुपए की सहायता का प्रावधान किया गया है।

उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा

नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में उद्योग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह बजट प्रत्येक परिवार को अवसर देने, युवाओं के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को पूरा करेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में अब तक हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

राज्य की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार बजट 2026-27 राज्य की अर्थव्यवस्था की विकास गति को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्य सरकार के राजकोषीय संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और केंद्र सरकार के सहयोग से आने वाले वर्षों में बिहार देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा। (इनपुट: आईएएनएस)