महिला सशक्तीकरण की दिशा में नई पहल, एनसीडब्ल्यू ने यंग रिसर्च फेलोशिप का किया एलान

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने महिलाओं के सशक्तीकरण और उनके अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘शक्ति स्कॉलर्स: एनसीडब्ल्यू की यंग रिसर्च फेलोशिप’ कार्यक्रम की घोषणा की है।

युवा पीढ़ी के विचार और शोध महिलाओं की स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाने में निभा सकते हैं अहम भूमिका

इस फेलोशिप का मुख्य उद्देश्य युवा शोधकर्ताओं को भारत में महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन और नीति-उन्मुख शोध के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोग का मानना है कि युवा पीढ़ी के विचार और शोध महिलाओं की स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

इस पहल के तहत शोध के प्रमुख क्षेत्रों में महिलाओं से संबंधित महत्वपूर्ण  विषयों को किया गया है शामिल

इस पहल के तहत शोध के प्रमुख क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा, लैंगिक हिंसा, कानूनी अधिकार और न्याय तक पहुंच, साइबर सुरक्षा, कार्यस्थलों पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम (पीओएसएच) अधिनियम का कार्यान्वयन, महिलाओं का नेतृत्व विकास और राजनीतिक भागीदारी, स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा और कौशल विकास, आर्थिक सशक्तीकरण, श्रम बल में भागीदारी, सामाजिक-सांस्कृतिक प्रथाएं और कार्य-जीवन संतुलन जैसे विषय शामिल हैं।

सभी क्षेत्र बहु-विषयक हैं 

ये सभी क्षेत्र बहु-विषयक हैं, जो सामाजिक विज्ञान, कानून, अर्थशास्त्र, स्वास्थ्य और प्रौद्योगिकी जैसे विविध विषयों को समाहित करते हैं। आयोग का उद्देश्य ऐसे शोध को बढ़ावा देना है, जो नीति निर्माण में सीधे योगदान दे सके और महिलाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहायक सिद्ध हो।

फेलोशिप विशेष रूप से 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग के भारतीय नागरिकों के लिए खुली है

यह फेलोशिप विशेष रूप से 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग के भारतीय नागरिकों के लिए खुली है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक डिग्री निर्धारित की गई है। हालांकि, स्नातकोत्तर या डॉक्टरेट स्तर पर शोध कर रहे या शोध पूर्ण कर चुके उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, शोध क्षमता रखने वाले स्वतंत्र शोधकर्ता भी आवेदन के पात्र होंगे।

फेलोशिप प्राप्तकर्ताओं को छह माह की अवधि के लिए 1 लाख रुपए का शोध अनुदान प्रदान किया जाएगा

चयनित फेलोशिप प्राप्तकर्ताओं को छह माह की अवधि के लिए 1 लाख रुपए का शोध अनुदान प्रदान किया जाएगा। यह राशि शोध की प्रगति के आधार पर किस्तों में जारी की जाएगी, ताकि शोधकर्ता अपनी परियोजना को प्रभावी ढंग से पूरा कर सकें। शोध पूर्ण होने पर फेलो को अपनी अंतिम रिपोर्ट आयोग को सौंपनी होगी, जिसका उपयोग आगे नीति सुझावों के रूप में किया जा सकता है।

इच्छुक उम्मीदवार 31 दिसंबर 2025 को शाम 5.30 बजे तक ईमेल के माध्यम से अपना आवेदन भेज सकते हैं

आवेदन प्रक्रिया को सरल रखा गया है। इच्छुक उम्मीदवार 31 दिसंबर 2025 को शाम 5.30 बजे तक ईमेल के माध्यम से अपना आवेदन sro-ncw@nic.in पर भेज सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन आयोग द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा। (इनपुट-आईएएनएस)