आदित्य साहू को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया है। बुधवार को पार्टी के केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी और केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।
निर्विरोध चुने गए प्रदेश अध्यक्ष
आदित्य साहू ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया था। इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार का नामांकन नहीं होने के कारण उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में घोषणा
निर्वाचन की घोषणा के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद बीडी राम सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों का भी ऐलान
इस मौके पर जुएल ओराम ने भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए झारखंड से 21 सदस्यों के निर्वाचन की भी घोषणा की। इनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतू चरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, अन्नपूर्णा देवी और गीता कोड़ा शामिल हैं।
लंबा संगठनात्मक अनुभव, पहले रह चुके हैं झारखंड प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष
आदित्य साहू इससे पहले झारखंड प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में झारखंड से राज्यसभा सांसद हैं। वे दो दशकों से अधिक समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और संगठन में उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
शिक्षा और राजनीति दोनों में सक्रिय
61 वर्षीय आदित्य साहू शिक्षा जगत से भी जुड़े रहे हैं। वे वर्ष 2019 तक राम टहल चौधरी कॉलेज में व्याख्याता के रूप में कार्यरत थे। जुलाई 2022 में उन्हें झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्वाचित किया गया था।
सामाजिक समीकरणों के लिहाज से अहम नियुक्ति
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, आदित्य साहू की नियुक्ति सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वे वैश्य समुदाय से आते हैं, जिस समुदाय में भाजपा की परंपरागत रूप से मजबूत पकड़ मानी जाती है। (इनपुट: आईएएनएस)


