कृषि क्षेत्र में सीएसआर सहायता के लिए एग्रीनोवेट इंडिया ने उद्योग जगत से मिलाया हाथ

एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में जनहितकारी पहलों को बढ़ावा देने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और उद्योग जगत के बीच साझेदारी कराई है। इस संबंध में तीन उद्योग साझेदारों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। नई दिल्ली में 24 सितंबर 2026 को आयोजित एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड की 15वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) और 71वीं बोर्ड बैठक के दौरान ये समझौते हुए।

तीन उद्योग साझेदारों के साथ समझौते

एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड ने आईसीएआर और तीन कंपनियों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर कराने में सहयोग किया। इनमें पिडिलाइट इंडस्ट्रीज लिमिटेड, वेंकटेश्वर हैचरीज़ प्राइवेट लिमिटेड और एवरेस्ट इंस्ट्रूमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। इन साझेदारियों का उद्देश्य कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत मिलने वाली सहायता का उपयोग कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों में जनहितकारी गतिविधियों के लिए करना है।

टिकाऊ कृषि और जलवायु अनुकूल पहल पर जोर

इन सहयोगों के तहत टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियों, जलवायु अनुकूल कृषि और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में काम किया जाएगा। इसके अलावा, आजीविका संवर्धन, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण और कृषि स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

डिजिटल नवाचार से लेकर मूल्य-श्रृंखला विकास तक सहयोग

साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों में डिजिटल नवाचार, क्षमता विकास, कृषि इनक्यूबेशन और ग्रामीण उद्यमिता शामिल हैं। इसके साथ ही पोषण-संवेदनशील कृषि, जैव संवर्धन, खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य-श्रृंखला विकास को भी बढ़ावा दिया जाएगा। कृषि मशीनीकरण, शिक्षा, ज्ञान साझेदारी और ‘एक स्वास्थ्य’ से जुड़ी पहल भी इस सहयोग का हिस्सा होंगी। इसके अतिरिक्त, दोनों पक्षों की सहमति से अन्य क्षेत्रों में भी काम किया जा सकेगा।

बैठक में आईसीएआर और एग्रीनोवेट के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में आईसीएआर के महानिदेशक और एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. एमएल जाट, आईसीएआर के सचिव एवं उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, आईसीएआर के वित्तीय सलाहकार संदीप सरकार और एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड के सीईओ डॉ. प्रवीण मलिक शामिल हुए। इनके अलावा कंपनी के निदेशक मंडल के सदस्य, एग्रीनोवेट की टीम और आईसीएआर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कृषि नवाचार और प्रौद्योगिकी के व्यावसायीकरण में भूमिका

एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की कृषि व्यवसाय, नवाचार और प्रौद्योगिकी व्यावसायीकरण से जुड़ी शाखा है। यह संस्था कृषि क्षेत्र में अनुसंधान आधारित तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ-साथ सीएसआर निधि जुटाने की दिशा में भी काम करती है। (इनपुट: पीआईबी)