एशियाई खेल 2026: जापान में भारतीय राजदूत ने टीम इंडिया का किया भव्य स्वागत

जापान में भारत की राजदूत नगमा मल्लिक ने राजदूत आवास पर टीम इंडिया का गर्मजोशी से स्वागत किया। एशियाई खेल 2026 के लिए नागोया रवाना होने से पहले खिलाड़ियों की मेजबानी करते हुए उन्होंने टीम को सफलता की शुभकामनाएं दीं।

भारत-जापान संबंधों की 75वीं वर्षगांठ पर आभार

भारतीय दूतावास जापान ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राजदूत मल्लिक ने भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत में टीम इंडिया के शानदार योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। दूतावास ने बातचीत की तस्वीरें भी साझा कीं।

पोस्ट में कहा गया, “राजदूत मल्लिक को इंडिया हाउस में टीम इंडिया की मेजबानी करके खुशी हुई। उन्होंने भारत-जापान 75वीं वर्षगांठ समारोह की शुरुआत में असाधारण प्रयासों के लिए बीसीसीआई और टीम को धन्यवाद दिया। एशियाई खेलों के लिए नागोया जा रही टीम इंडिया को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

पुरुष टीम ने किया नेट प्रैक्टिस

एशियाई खेलों में क्रिकेट अभियान की शुरुआत से पहले भारतीय पुरुष टीम ने एक इनडोर नेट सेशन में हिस्सा लिया। बीसीसीआई ने संजू सैमसन समेत खिलाड़ियों का पसीना बहाते हुए वीडियो साझा किया। इस सेशन के दौरान हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण भी मौजूद रहे।

महिला टीम ने पहले ही बचाया खिताब

महिला क्रिकेट में भारत ने अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 147 रनों से हराया।पिछले एशियाई खेलों (हांगझोऊ) में पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। फाइनल मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद बेहतर सीडिंग के आधार पर भारत को विजेता घोषित किया गया था। तब टीम का नेतृत्व रुतुराज गायकवाड़ ने किया था।

एशियाई खेल 2026 के लिए पुरुष क्रिकेट टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, जसप्रित बुमराह, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी। (इनपुट-एजेंसी)