उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश की जनता के नाम एक पत्र लिखा है, जिसे उन्होंने ‘योगी की पाती’ नाम दिया। पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आमजन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
सड़क दुर्घटनाओं पर जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र में कहा कि लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हर वर्ष हजारों लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है, जिससे अनगिनत परिवार शोक में डूब जाते हैं।
सामूहिक दायित्व और सजगता
उन्होंने लिखा, “सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि देख मुझे अत्यंत दुख होता है। लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हम हर वर्ष हजारों लोगों को खो देते हैं। ऐसी दुर्घटनाओं में स्वस्थ लोगों की अकाल मृत्यु अपने पीछे शोक-संतप्त परिवार छोड़ जाती है। सामूहिक दायित्व और सजगता से इस स्थिति को बदला जा सकता है।”
31 जनवरी तक चल रहा सड़क सुरक्षा माह
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 31 जनवरी तक ‘सड़क सुरक्षा माह’ आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान परिवारों और भविष्य की रक्षा के संकल्प के साथ चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के सड़क-व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
दुर्घटना-संवेदनशील जिलों में विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु दर को शून्य स्तर पर लाने के लक्ष्य के साथ प्रदेश के 20 दुर्घटना-संवेदनशील जनपदों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 3 हजार से अधिक ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पांच बिंदुओं पर आधारित है अभियान
सीएम योगी ने बताया कि यह अभियान शिक्षा, प्रवर्तन, इंजीनियरिंग और आपात देखभाल जैसे प्रमुख बिंदुओं के आधार पर संचालित किया जा रहा है, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक और प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
नियमों के पालन की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सड़कें सभी के लिए सुगम और सुरक्षित बनें, इसके लिए पुलिस नियमों को कड़ाई से लागू करेगी, लेकिन आमजन का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने चेताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न केवल चालक, बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बन सकता है।
गति सीमा, हेलमेट और सीट बेल्ट पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि गति सीमा का पालन करें, क्योंकि तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना घातक दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हेलमेट और सीट बेल्ट दिखावे की वस्तुएं नहीं हैं, बल्कि वे चालक और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं।
नाबालिगों और पैदल यात्रियों को लेकर चेतावनी
मुख्यमंत्री ने माता-पिता से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही वाहन चालकों से पैदल यात्रियों के प्रति संवेदनशील रहने और उनके अधिकारों का सम्मान करने का आह्वान किया।
यातायात नियमों के पालन पर जताया भरोसा
पत्र के अंत में सीएम योगी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रदेशवासी यातायात नियमों का पालन कर उत्तर प्रदेश की सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाने में सहयोग करेंगे। (इनपुट-आईएएनएस)


