अमित शाह का ऐलान- अगले एक साल में बनेगा ‘स्मार्ट बॉर्डर’, घुसपैठ पर लगेगी रोक

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को नई दिल्ली में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अलंकरण समारोह और रुस्तमजी स्मृति व्याख्यान में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सीमा सुरक्षा, घुसपैठ, नई सुरक्षा रणनीति और जवानों के कल्याण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में आसूचना ब्यूरो के निदेशक, सीमा प्रबंधन सचिव और बीएसएफ के महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बीएसएफ का सम्मान राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक

अमित शाह ने कहा कि बीएसएफ का अलंकरण समारोह बल की अडिग निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1965 के युद्ध के बाद सीमाओं की सुरक्षा में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए के एफ रुस्तम जी के नेतृत्व में बीएसएफ का गठन किया गया था और तब से यह बल देश की सीमाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहा है।

महिला टीम के एवरेस्ट अभियान की सराहना

गृह मंत्री ने बीएसएफ की महिला टीम द्वारा माउंट एवरेस्ट पर सफल आरोहण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर ‘वंदे मातरम’ का गान पूरे देश के लिए गर्व और संतोष का क्षण है।

नई चुनौतियों से निपटने के लिए बनेगी नई सुरक्षा रणनीति

अमित शाह ने कहा कि अवैध घुसपैठ, नारकोटिक्स तस्करी, गौ तस्करी, नकली करेंसी, ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि साइबर थ्रेट्स, हाइब्रिड वॉरफेयर और ड्रोन वॉरफेयर से निपटने के लिए अगले एक साल में नई बॉर्डर सिक्योरिटी स्ट्रेटेजी लाई जाएगी।

अगले एक साल में शुरू होगा ‘स्मार्ट बॉर्डर प्रोजेक्ट’

गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ड्रोन, राडार, आधुनिक कैमरों और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों से लैस ‘स्मार्ट बॉर्डर प्रोजेक्ट’ शुरू करने जा रही है। इसके तहत भारत-बांग्लादेश और भारत-पाकिस्तान सीमा पर अभेद्य सुरक्षा ग्रिड तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बीएसएफ को मजबूत तकनीकी सहायता मिलेगी और सीमाओं की सुरक्षा और प्रभावी होगी।

घुसपैठ रोकने के लिए राज्यों और स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल पर जोर

अमित शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा को केवल एक आइसोलेटेड ड्यूटी नहीं, बल्कि टेरिटोरियल रिस्पॉन्सिबिलिटी के रूप में देखने की जरूरत है। उन्होंने बीएसएफ को निर्देश दिया कि त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल में जिला प्रशासन, पुलिस थानों, पंचायतों और पटवारियों के साथ समन्वय बनाकर घुसपैठ और तस्करी के सभी रास्तों को बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार न केवल घुसपैठ रोकेगी, बल्कि एक-एक घुसपैठिए को चिन्हित कर देश से बाहर निकालेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में “अननेचुरल डेमोग्राफिक चेंज” नहीं होने दिया जाएगा।

मोदी सरकार की नई डिफेंस डॉक्ट्रिन का जिक्र

गृह मंत्री ने कहा कि 2014 के बाद भारत की सुरक्षा नीति में बड़ा बदलाव आया है। उरी, पुलवामा और पहलगाम हमलों के बाद भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदम उठाकर आतंकवाद को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अब वह दौर खत्म हो गया है जब आतंकी हमलों के बाद केवल वार्ता होती थी।

‘हाई पावर्ड डेमोग्राफी मिशन’ की घोषणा

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हाई पावर्ड डेमोग्राफी मिशन’ की घोषणा की है और जल्द ही इसके लिए कमेटी बनाकर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सीमाओं पर मजबूत सुरक्षा ग्रिड बनाने के लिए बड़ा अभियान चलाया जाएगा।

जवानों के कल्याण के लिए जल्द आएगा बड़ा कार्यक्रम

गृह मंत्री ने कहा कि अगले दो महीनों में मोदी सरकार बीएसएफ और सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के जवानों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए बड़ा कार्यक्रम लेकर आएगी, जिससे जवान बिना पारिवारिक चिंता के पूरी मजबूती से देश की सुरक्षा कर सकेंगे। (इनपुट: पीआईबी)