महाराष्ट्र नगर पंचायत चुनावों में ‘महायुति’ की जीत के लिए जनता का आभार: अमित शाह

महाराष्ट्र नगर पंचायत और नगर परिषद चुनावों में महायुति को मिले प्रचंड समर्थन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जताई है। उन्होंने इसके लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य की भाजपा इकाई को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए और राज्य सरकार के विजन पर जनता के आशीर्वाद का प्रतीक

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि महाराष्ट्र नगर पंचायत और नगर परिषद चुनावों में महायुति को प्रचंड समर्थन देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार। उन्होंने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए और राज्य सरकारों के हर वर्ग के कल्याण के विजन पर जनता के आशीर्वाद का प्रतीक है। इस जीत पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही, भाजपा द्वारा सर्वाधिक सीटें जीतने पर प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और महाराष्ट्र भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।

मतदाताओं ने विकास के एजेंडे के पक्ष में किया मतदान

वहीं, महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को दावा किया कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में उसने अध्यक्षों और अन्य पदों पर सर्वाधिक जीत दर्ज कर सभी दलों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। पार्टी का कहना है कि मतदाताओं ने विकास के एजेंडे के पक्ष में मतदान करते हुए झूठे नैरेटिव को खारिज कर दिया है।

129 सीटों पर जीत दर्ज

246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए मतदान दो चरणों में 2 और 20 दिसंबर को हुआ था, जबकि मतगणना रविवार को हुई। दोपहर 1:44 बजे तक भाजपा ने दावा किया कि मतगणना जारी रहने के दौरान उसने 129 सीटों पर जीत दर्ज की है।

निकाय चुनावों में निर्णायक जनादेश

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों में निर्णायक जनादेश मिलने के बाद पार्टी का ध्यान अब मुंबई पर केंद्रित होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि मतदाताओं ने विपक्ष के ‘झूठे नैरेटिव’ को सिरे से खारिज कर दिया है।

विपक्ष ने चुनाव प्रचार के दौरान हर तरह के आरोप लगाए, लेकिन जनता ने सच्चाई को समझा

भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चव्हाण ने कहा कि विपक्ष ने चुनाव प्रचार के दौरान हर तरह के आरोप लगाए, लेकिन जनता ने सच्चाई को समझ लिया। उन्होंने इस परिणाम को राज्य की दिशा का स्पष्ट संकेत बताते हुए कहा कि यह प्रगति और विकास के लिए एक मजबूत जनादेश है। हम जनता के जनादेश का सम्मान करते हैं और भाजपा व उसके सहयोगी मतदाताओं की उच्च अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

महायुति ने 288 में से 250 से अधिक सीटों पर जीत की हासिल 

उन्होंने दावा किया कि महायुति ने 288 में से 250 से अधिक नगर परिषदों और नगर पंचायतों में जीत हासिल की है, जबकि भाजपा उम्मीदवारों ने 236 परिषद अध्यक्ष पदों में से 134 और 3,000 से अधिक पार्षद पदों पर विजय प्राप्त की है। (इनपुट: आईएएनएस)