बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को नालंदा जिले के राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में आयोजित प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों के दीक्षांत परेड समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों का उत्साहवर्धन भी किया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी प्रशिक्षु अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ करेंगे।
प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों ने अनुशासित और प्रभावशाली परेड प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया
नीतीश कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को पुरस्कृत किया। दीक्षांत परेड समारोह के दौरान प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों को शपथ दिलाई गई। ध्वज वाहकों ने राष्ट्रीय ध्वज और अकादमी ध्वज के साथ परेड में भाग लिया। प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों ने अनुशासित और प्रभावशाली परेड प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
अकादमी के विस्तार के लिए परिसर से सटी 22 एकड़ अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण को स्वीकृति
दीक्षांत परेड समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि राज्य सरकार ने अकादमी के विस्तार के लिए परिसर से सटी 22 एकड़ अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण को स्वीकृति प्रदान की है। इस भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया नालंदा जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। अतिरिक्त भूमि पर नया प्रशासनिक भवन, परेड मैदान, अधिकारियों के आवास और अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
सभी पुलिस अवर निरीक्षकों को राज्य के विभिन्न जिलों में किया जाएगा पदस्थापित
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 बैच के 1,218 पुलिस अवर निरीक्षकों का बुनियादी प्रशिक्षण शनिवार को पूरा हुआ, जिनमें 436 महिलाएं शामिल हैं। इस बैच में पहली बार नियुक्त तीन ट्रांसजेंडर पुलिस अवर निरीक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सभी पुलिस अवर निरीक्षकों को राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री श्रवण कुमार भी उपस्थित रहे
बिहार पुलिस अकादमी की स्थापना वर्ष 2008 में की गई थी, जिसके लिए राजगीर में 133 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी उपस्थित रहे। (इनपुट : आईएएनएस)


