उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित लोकभवन में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने महामना पं. मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी की जयंती पर भी उन्हें नमन किया तथा प्रदेशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
अटल जी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश को विकास के नए विजन के साथ आगे बढ़ाने का कार्य किया
सीएम योगी ने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पावन जयंती है। लखनऊ से सांसद रहे अटल जी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश को विकास के नए विजन के साथ आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह वर्ष विशेष है, क्योंकि अटल जी की जन्मशताब्दी पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है।
वाजपेयी जी ऐतिहासिक भाषणों को लेकर शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थानों में अनेक कार्यक्रम किए गए आयोजित
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के साहित्यिक, राजनीतिक और वैचारिक योगदान को स्मरण करते हुए देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उनकी कविताओं के काव्य पाठ, लेखन पर वाद-विवाद, पत्रकारिता, संसद और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिए गए उनके ऐतिहासिक भाषणों को लेकर शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थानों में अनेक आयोजन हुए हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी ने संसद में सर्वाधिक समय तक उत्तर प्रदेश का किया प्रतिनिधित्व
सीएम योगी ने कहा कि अटल जी की पैतृक भूमि उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बटेश्वर में है। उनकी उच्च शिक्षा कानपुर में हुई और सार्वजनिक जीवन की शुरुआत बलरामपुर से हुई थी। उन्होंने संसद में सर्वाधिक समय तक उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। अटल बिहारी वाजपेयी का विराट व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
डबल इंजन सरकार ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का किया निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने और विचार परिवार को निरंतरता देने के लिए डबल इंजन सरकार ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया है। यहां भारत की तीन महान विभूतियों की प्रतिमाएं और एक डिजिटल म्यूजियम स्थापित किया गया है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश देती है, जबकि पं. दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का संकल्प और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा समरसता के साथ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के अभियान को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण प्रधानमंत्री के करकमलों से होगा।
सीएम योगी ने महामना पं. मदन मोहन मालवीय को भी स्मरण किया
सीएम योगी ने महामना पं. मदन मोहन मालवीय को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि महान राष्ट्रवादी नेता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक पं. मदन मोहन मालवीय की भी आज पावन जयंती है। स्वाधीनता आंदोलन में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा। वर्ष 1916 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर उन्होंने देश को नई दिशा दी। उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने महाराजा बिजली पासी की जयंती पर उन्हें नमन किया
मुख्यमंत्री ने महाराजा बिजली पासी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि लखनऊ के महान योद्धा बिजली पासी ने भारत की सनातन परंपरा की रक्षा के लिए विदेशी हुकूमतों के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने विदेशी आक्रांताओं का डटकर सामना किया। सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिजली पासी के किलों के पुनरुद्धार के साथ-साथ उनसे जुड़ी परंपराओं और महान योद्धाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने दीं क्रिश्चियन समुदाय को क्रिसमस की शुभकामनाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्रिश्चियन समुदाय को क्रिसमस की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शांति और सौहार्द के वातावरण में सभी त्योहारों को मनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
(इनपुट: आईएएनएस)


