भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक अत्यंत पवित्र बौद्ध स्तूप समर्पित किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने यह जानकारी देते हुए कहा कि यह सम्मान पीएम मोदी की असाधारण दूरदृष्टि और भारत-भूटान मित्रता के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
मात्र छह घंटे में बने 108 स्तूप
रीजीजू ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि एक नवंबर को भूटान ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। मध्यरात्रि के बाद काम शुरू करके 40,000 से अधिक स्वयंसेवकों, भिक्षुओं और कारीगरों ने सिर्फ छह घंटों में 108 बौद्ध स्तूपों का निर्माण कर दिया। इनमें से 76वां अत्यंत पवित्र स्तूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समर्पित किया गया।
गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में भव्य समारोह
केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू स्वयं गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में आयोजित समारोह में शामिल हुए। यह आयोजन ‘ल्हाबाब डुचेन’ के शुभ अवसर पर हुआ। यहां 108 स्तूपों की स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा की गई तथा पारंपरिक बौद्ध वाद्ययंत्र ‘डुंगचेन’ (पारंपरिक बौद्ध वाद्ययंत्र) भी बजाए गए। रीजीजू ने कहा, “किसी को पवित्र स्तूप समर्पित करना कोई साधारण बात नहीं है। यह अत्यंत पुण्यकारी, शुभ और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण कार्य है। बौद्ध धर्म में स्तूप केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि बुद्ध के प्रबुद्ध मन का भौतिक स्वरूप होता है।”
राजा से मुलाकात और भारत की प्रतिबद्धता दोहराई
समारोह के दौरान रीजीजू ने भूटान के राजा, महारानी ग्याल्त्सुएन, प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और भूटान के लोगों की उपस्थिति में नमन किया। उन्होंने कहा कि उन्हें राजा से मुलाकात का सौभाग्य मिला। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं और दोनों देशों की अनूठी व स्थायी साझेदारी के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।
मित्रता और आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक
रीजीजू ने स्तूप संख्या 76 को पीएम मोदी को समर्पित करने के लिए भूटान के राजा का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पीएम मोदी की गहरी समझ और भारत-भूटान के बीच आध्यात्मिक व स्थायी मित्रता में उनकी अहम भूमिका को दर्शाता है। यह पूरा आयोजन दोनों देशों के गहरे और अनूठे संबंधों का जीवंत उदाहरण बना। (इनपुट-एजेंसी)


