अतिवृष्टि प्रभावित किसानों को बड़ी राहत, डीबीटी से सहायता राशि हस्तांतरण

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत वर्ष 2025 में अतिवृष्टि, बाढ़ और मोंथा तूफान से प्रभावित दो लाख से अधिक किसानों के खातों में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इस पहल से किसान आगामी फसलों की तैयारी कर सकेंगे।

डीबीटी के माध्यम से किसानों को राहत

मुख्यमंत्री ने रिमोट दबाकर सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी बाढ़ प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों की तरक्की सरकार की प्राथमिकता है।

13 जिलों में फसल को भारी नुकसान

वर्ष 2025 में भारी वर्षा और बाढ़ से राज्य के 13 जिलों—बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा, गया, कैमूर, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल—में फसल को व्यापक नुकसान हुआ। कुल 53 प्रखंड और 493 पंचायतों के किसान प्रभावित हुए थे।

2.02 लाख किसानों को 113.16 करोड़ रुपए

कृषि विभाग ने प्रभावित किसानों से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त कर जिलों के स्तर पर सत्यापन कराया। इसके बाद 2.02 लाख किसानों को 113 करोड़ 16 लाख रुपए की क्षतिपूर्ति राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। (इनपुट: आईएएनएस)