बिहार सरकार और कॉरपोर्ट इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड (सीआईपीएल) के बीच सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश के लिए एक समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई समिट-2026 के दौरान वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
हस्ताक्षर समारोह में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
एमओयू हस्ताक्षर समारोह में बिहार सरकार की सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, प्रधान सचिव अभय कुमार सिंह और उद्योग सचिव कुंदन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पटना में स्थापित होंगे तकनीकी केंद्र
एमओयू के तहत सीआईपीएल द्वारा पटना में एक कोर डेवलपमेंट सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य राज्य की डिजिटल गवर्नेंस प्रणाली को मजबूत करना और बिहार को पूर्वी भारत में आईटी और एआई के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करना है।
निवेश और तकनीकी विकास की योजना
कंपनी द्वारा दिए गए निवेश प्रस्ताव के अनुसार, परियोजना के लिए 30 करोड़ रुपए के प्रारंभिक निवेश से कार्य शुरू किया जाएगा, जिसे आने वाले वर्षों में बढ़ाकर 100 करोड़ रुपए से अधिक करने की योजना है।
ऑटोमेटेड प्रोसेस के विकास व क्रियान्वयन पर भी फोकस
इन केंद्रों में SAP S/4HANA, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा सेंटर संचालन, साइबर सुरक्षा और एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म जैसी उन्नत तकनीकों पर कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही एआई आधारित गवर्नेंस समाधान और विभिन्न सरकारी विभागों में ऑटोमेटेड प्रोसेस के विकास व क्रियान्वयन पर भी फोकस रहेगा, जिससे डिजिटल इंफ्रास्ट्रेक्चर और सेवा वितरण प्रणाली अधिक सुदृढ़ होगी।
रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा
परियोजना के पहले वर्ष में 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है, जिसे अगले पांच वर्षों में बढ़ाकर 2,000 से अधिक आईटी पेशेवरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल से राज्य में रोजगार सृजन और कौशल विकास को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कंपनी का अनुभव और पूर्व परियोजनाएं
वर्ष 2007 में स्थापित कॉरपोर्ट इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड को देशभर में सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के लिए डिजिटल परियोजनाओं के क्रियान्वयन का व्यापक अनुभव है। कंपनी बिहार में डेटा सेंटर, नागरिक सेवा प्लेटफॉर्म ‘बिहार वन’ सहित कई महत्वपूर्ण तकनीकी परियोजनाओं से जुड़ी रही है।
पटना में कोर डेवलपमेंट सेंटर व एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस होगा स्थापित
पटना में कोर डेवलपमेंट सेंटर और एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना बिहार आईटी नीति के अनुरूप तकनीक आधारित शासन, निवेश प्रोत्साहन और सतत डिजिटल विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


