कर्नाटक में 6,000 करोड़ के शराब घोटाले को लेकर भाजपा का हमला, कांग्रेस सरकार पर बरसे सुधांशु त्रिवेदी

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पर 6,000 करोड़ रुपए के शराब घोटाले का गंभीर आरोप लगा है।

शराब व्यापारियों ने लगाए आरोप 

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह आरोप केंद्र सरकार या किसी जांच एजेंसी ने नहीं, बल्कि खुद कर्नाटक के शराब व्यापारियों ने लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब भाजपा केंद्र में विपक्ष में थी, तब भी गुजरात मॉडल की चर्चा होती थी, लेकिन अब यह जरूरी है कि कांग्रेस शासित राज्यों के मॉडल पर भी बात की जाए।

अलॉटमेंट के नाम पर वसूली का दावा

उन्होंने बताया कि वाइन मर्चेंट्स एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि रेस्टोरेंट और होटलों से लेकर अन्य जगहों तक शराब के अलॉटमेंट के नाम पर सरकार के विभिन्न स्तरों पर बैठे मंत्रियों और प्रभावशाली लोगों तक पैसा पहुंचाया गया।

जनता विकास की उम्मीद करती है

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जब प्रदेश की जनता किसी दल को सत्ता सौंपती है तो वह विकास और सुशासन की अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने ऐसी योजनाएं लागू कीं, जिससे बच्चियों का भविष्य सुरक्षित हो सका। वहीं, कर्नाटक में 2008 के दौरान भाजपा सरकार ने किसानों को एक साल के लिए बिना ब्याज के कर्ज की सुविधा दी थी और यह योजना सफल रही थी।

कांग्रेस का मॉडल सत्ता संघर्ष का

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा के पास विकास का स्पष्ट मॉडल है, जबकि कांग्रेस का मॉडल मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के बीच सत्ता संघर्ष का है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति कर्नाटक ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में भी देखने को मिली है। कांग्रेस ने कर्नाटक की जनता के साथ विश्वासघात किया है, जिसने उसे इतना बड़ा जनादेश दिया था।

पश्चिम बंगाल को लेकर भी साधा निशाना

उन्होंने कहा कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को सख्त निर्देश दिया है कि सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया 31 मार्च 2026 तक स्पष्ट की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों के वोटों के लालच में राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किया गया।

हाईकोर्ट का फैसला करारा प्रहार

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उच्च न्यायालय का यह फैसला तृणमूल कांग्रेस की नीतियों पर करारा प्रहार है और इससे यह साफ होता है कि तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों के प्रति नरमी बरत रही है। सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता आने वाले चुनावों में तृणमूल सरकार को नकार देगी और भाजपा को चुनेगी।

राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौते का आरोप

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक है कि पश्चिम बंगाल में केवल क्षुद्र राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश की सीमाओं की सुरक्षा से समझौता किया गया। हाईकोर्ट का निर्णय इस सच्चाई को उजागर करता है। (इनपुट: आईएएनएस)