भाजपा के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी के सोमनाथ मंदिर और देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर किए गए सोशल मीडिया पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में एक बार फिर सियासत तेज हो गई है।
आजाद भारत में सोमनाथ मंदिर के प्रति सबसे नकारात्मक रुख स्वयं पंडित जवाहरलाल नेहरू का रहा
सुधांशु त्रिवेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि आजाद भारत में सोमनाथ मंदिर के प्रति सबसे नकारात्मक रुख स्वयं पंडित जवाहरलाल नेहरू का रहा। उन्होंने कहा कि इतिहास में जहां विदेशी आक्रमणकारियों ने सोमनाथ मंदिर को निशाना बनाया, वहीं स्वतंत्र भारत में नेहरू ने इसके पुनर्निर्माण और प्रतीकात्मक महत्व को कमजोर करने की कोशिश की।
सोमनाथ मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक कथाओं को “पूरी तरह झूठा” बताया
अपने पहले पोस्ट में सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि पंडित नेहरू ने 21 अप्रैल 1951 को पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री लियाकत अली खान को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने सोमनाथ मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक कथाओं को “पूरी तरह झूठा” बताया था। भाजपा सांसद के अनुसार, इस पत्र में नेहरू ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण से दूरी बनाते हुए पाकिस्तान को आश्वस्त करने का प्रयास किया और भारत की सभ्यतागत स्मृतियों के संरक्षण के बजाय “बाहरी तुष्टीकरण” को प्राथमिकता दी।
पंडित नेहरू सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के पक्ष में नहीं थे
दूसरे पोस्ट में सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि पंडित नेहरू सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि नेहरू ने अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ-साथ तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पत्र लिखकर न केवल पुनर्निर्माण पर सवाल उठाए, बल्कि उद्घाटन समारोह में शामिल न होने की सलाह भी दी थी।
त्रिवेदी के मुताबिक, पंडित नेहरू ने सभी मुख्यमंत्रियों को भी पत्र लिखकर कहा था कि सोमनाथ मंदिर के निर्माण से विदेशों में भारत की छवि प्रभावित हो रही है
त्रिवेदी के मुताबिक, पंडित नेहरू ने सभी मुख्यमंत्रियों को भी पत्र लिखकर कहा था कि सोमनाथ मंदिर के निर्माण से विदेशों में भारत की छवि प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने तत्कालीन सूचना एवं प्रसारण मंत्री को प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की मीडिया कवरेज सीमित रखने के निर्देश भी दिए थे।
भाजपा सांसद ने दावा किया कि नेहरू ने भारतीय दूतावासों को सोमनाथ ट्रस्ट को किसी भी प्रकार की सहायता देने से मना कर दिया था
तीसरे पोस्ट में भाजपा सांसद ने दावा किया कि नेहरू ने भारतीय दूतावासों को सोमनाथ ट्रस्ट को किसी भी प्रकार की सहायता देने से मना कर दिया था। यहां तक कि पवित्र नदियों से जल मंगाने के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नेहरू ने राष्ट्रपति के सोमनाथ दौरे के “प्रभाव को कम करने” की कोशिश की और विदेश मंत्रालय के माध्यम से मंदिर से जुड़े प्रतीकात्मक आयोजनों को जानबूझकर सीमित किया गया।
इस पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है
सुधांशु त्रिवेदी के इन सोशल मीडिया पोस्ट के बाद एक बार फिर पंडित नेहरू की धर्मनिरपेक्षता, सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और उस दौर की नीतियों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। हालांकि, इस पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। (इनपुट-आईएएनएस)


