17/12/25 | 3:05 pm

Print

केंद्र और राज्य की योजनाओं से गुजरात में मत्स्य पालन व डेयरी क्षेत्र को मजबूती

केंद्र सरकार का मत्स्य पालन विभाग गुजरात सहित सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मत्स्य पालन के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू कर रहा है। इन पहलों का उद्देश्य मछली उत्पादन बढ़ाना, मत्स्य पालन से जुड़ी अवसंरचना और आजीविका को सशक्त करना, मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा संसाधनों की सततता बनाए रखना है। प्रमुख योजनाओं में नीली क्रांति योजना, मत्स्य पालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड का विस्तार, मत्स्य पालन और जलीय कृषि अवसंरचना विकास कोष (एफआईडीएफ), प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) और प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना (पीएम-एमकेएसएसवाई) शामिल हैं।

राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी) और संबंधित संस्थानों के सहयोग से गुजरात सहित सभी राज्यों में प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एनएफडीबी के अनुसार, पीएमएमएसवाई के अंतर्गत पिछले पांच वर्षों में गुजरात के 1,200 मछुआरों को प्रशिक्षण दिया गया, जिसके लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इन प्रशिक्षणों में कृत्रिम चट्टानों की स्थापना, समुद्री शैवाल की खेती, रोग प्रबंधन, झींगा पालन, समुद्री कृषि और सर्वोत्तम प्रबंधन प्रथाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

गुजरात सरकार ने वर्ष 2025-26 में 160 करोड़ रुपये के कुल बजट के साथ विभिन्न तटीय जलकृषि कल्याण योजनाओं को लागू किया है। इसके तहत कामधेनु विश्वविद्यालय और आईसीएआर-सीआईबीए के सहयोग से सतत जलीय कृषि को बढ़ावा देने के लिए कई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी तरह, पशुपालन और डेयरी विभाग केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (एनपीडीडी) के तहत डेयरी क्षेत्र को भी मजबूती दी जा रही है। एनपीडीडी के घटक ‘ए’ के अंतर्गत गुजरात में डेयरी सहकारी समितियों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 55,613.66 लाख रुपये की लागत वाली नौ परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, डेयरी प्रसंस्करण अवसंरचना विकास कोष (डीआईडीएफ) को पशुपालन अवसंरचना विकास कोष (एएचआईडीएफ) में शामिल किए जाने के बाद डेयरी सहकारी समितियों को नई व्यवस्था के तहत वित्तीय सहायता मिल रही है।

केंद्र और राज्य सरकारों के इन संयुक्त प्रयासों से गुजरात में मत्स्य पालन और डेयरी क्षेत्र में सतत विकास, रोजगार सृजन और किसानों व मछुआरों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।

(इनपुट- PIB)