समृद्धि यात्रा में मधुबनी पहुंचे सीएम नीतीश, 395 योजनाओं की दी सौगात

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में मंगलवार को मधुबनी जिला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के लोगों को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 395 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, साथ ही विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया।

391 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

अररिया संग्राम स्थित कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रिमोट के माध्यम से मधुबनी जिले के लिए 391 करोड़ रुपए की लागत से कुल 395 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 93 करोड़ रुपए की लागत से 294 योजनाओं का उद्घाटन और 298 करोड़ रुपए की लागत से 101 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मिथिला हाट फेज-II और विकास कार्यों का निरीक्षण

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने झंझारपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत अररिया संग्राम स्थित मिथिला हाट फेज-II (रिवर फ्रंट डेवलपमेंट) का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं की प्रगति और अद्यतन स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली।

समय पर योजनाएं पूरी करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समय सीमा के भीतर और बेहतर गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

जीविका भवन का लोकार्पण, दीदियों को सौंपा प्रबंधन

सीएम नीतीश कुमार ने अररिया संग्राम स्थित नवनिर्मित ‘जीविका भवन’ का फीता काटकर लोकार्पण किया और उसकी चाबी जीविका दीदियों को सौंपी। इसके बाद उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम न्यायालय, ग्राम सभा कक्ष और पंचायत ज्ञान केंद्र का भी निरीक्षण किया।

स्वयं सहायता समूहों और लाभार्थियों को आर्थिक सहयोग

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 26,312 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 301 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। वहीं, सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 507 लाभार्थियों को 2 करोड़ 53 लाख रुपए का सांकेतिक चेक भी सौंपा गया।

पोखर सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा

मुख्यमंत्री ने पंचायत में दुर्गा मंदिर के पास स्थित पोखर के चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। (इनपुट: आईएएनएस)