मध्य प्रदेश में सीएम राइज स्कूल प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए बेहतर सरकारी शिक्षण संस्थान के रूप में उभर रहे हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन स्कूलों की शुरुआत की थी।
रायसेन के शाहगंज में सीएम राइज स्कूल का उद्घाटन
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा संसदीय क्षेत्र के रायसेन जिले के शाहगंज में सीएम राइज स्कूल के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि उनका जन्म जैत में हुआ और नर्मदा किनारे स्थित एक छोटे से सरकारी स्कूल में उन्होंने पढ़ाई की। मेहनत के बल पर वे आगे बढ़े और इसी अनुभव से उन्हें गरीब बच्चों के लिए बेहतर स्कूल खोलने की प्रेरणा मिली।
कोरोना काल में आया सीएम राइज स्कूल का विचार
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चे महंगे प्राइवेट स्कूलों में नहीं पढ़ सकते। बड़े लोग तो अपने बच्चों को पढ़ा सकते हैं, लेकिन गरीब का बेटा क्या करेगा, यह सोचकर वे चिंतित थे। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के दौरान अस्पताल के बिस्तर पर रहते हुए उन्हें ऐसे स्कूल की परिकल्पना सूझी, जहां गरीब बच्चों को भी प्राइवेट स्कूल जैसी शिक्षा मिल सके।
सर्वसुविधायुक्त स्कूल की परिकल्पना
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कोरोना काल में विशेषज्ञों से सलाह लेकर तीन दिन के मंथन के बाद सर्वसुविधायुक्त सीएम राइज स्कूल बनाने का निर्णय लिया गया। इन स्कूलों में मल्टीपरपज हॉल, फिजिक्स, मैथ्स और केमिस्ट्री की आधुनिक लैब, लाइब्रेरी, अलग स्टाफ रूम, प्राचार्य और उप-प्राचार्य के कक्ष, मिड डे मील के लिए मॉड्यूलर किचन, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, हॉरटीकल्चर व्यवस्था, ट्रांसफार्मर, पार्किंग, कंक्रीट सड़क, खेल मैदान, रनिंग ट्रैक, नया फर्नीचर, स्मार्ट क्लास, सोलर पैनल और आधुनिक लैब उपकरण उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ये स्कूल कई मायनों में प्राइवेट स्कूलों से भी बेहतर हैं।
100 प्रतिशत रिजल्ट पर फोकस करने की अपील
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनका संकल्प है कि धन के अभाव में किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे की प्रतिभा कुंठित न हो। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों से आग्रह किया कि नए भवन में शिफ्ट होने के बाद पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए 100 प्रतिशत रिजल्ट सुनिश्चित किया जाए।
गरीब कल्याण की योजनाओं का जिक्र
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए कई कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड साइकिल दी जाएगी। रेहड़ी-पटरी वालों को स्ट्रीट वेंडर योजना के तहत सहायता मिलेगी और कारीगरों को पीएम विश्वकर्मा योजना से लाभान्वित किया जाएगा। (इनपुट: आईएएनएस)


