16/01/26 | 3:50 pm

Print

गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन, पट्टा आवंटन में भ्रष्टाचार पर सीएम योगी का कड़ा रुख

मकर संक्रांति/खिचड़ी महापर्व के दौरान लगातार दो दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा प्रबंधन और निगरानी में व्यस्त रहने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे, उनकी शिकायतें गंभीरता से सुनीं और प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र व संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए।

पट्टा आवंटन में भ्रष्टाचार पर सख्त रुख

जनता दर्शन के दौरान भूमि पट्टा आवंटन से जुड़ी शिकायतों पर योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिस भी गांव में रुपया लेकर पट्टा देने की शिकायत सामने आए, वहां तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

गरीबों के हक से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

एक महिला द्वारा गरीबों को दिए जाने वाले जमीन पट्टों में अनियमितता की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी पैसे लेकर पट्टा आवंटन किया गया हो, वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में अपराध से जुड़ी शिकायतों पर योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लोगों को शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से मिले।

बेटी की शादी के लिए मिली राहत

जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटी की शादी को लेकर चिंता जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बेटी का विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कराने की व्यवस्था की जाए।

इलाज धन के अभाव में नहीं रुकेगा

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर आए लोगों को योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कराया जाए।

सरकार देगी तुरंत आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जैसे ही इलाज का एस्टीमेट उपलब्ध होगा, सरकार तुरंत आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद का उपचार बाधित न हो। (इनपुट: आईएएनएस)