जम्मू-कश्मीर में ठंड की लहर और तेज हो गई है। प्रसिद्ध स्की रिज़ॉर्ट गुलमर्ग में सोमवार को न्यूनतम तापमान माइनस 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। वहीं, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जम्मू शहर में रात का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा
मौसम विभाग के अनुसार, पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जम्मू संभाग में भी ठंड का असर देखने को मिला। जम्मू शहर में रात का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कटरा में 5.6, बटोटे में 2.1, बनिहाल में माइनस 1.3 और भद्रवाह में माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कश्मीर घाटी में अब तक नहीं हुई भारी बर्फबारी
हालांकि गुलमर्ग और सोनमर्ग में ताजा बर्फबारी हुई है, लेकिन कश्मीर घाटी में अब तक भारी बर्फबारी नहीं हुई है। मौसम विभाग ने 20 जनवरी तक आम तौर पर शुष्क मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में चिल्लई कलां के मौजूदा 40 दिनों के दौरान भारी बर्फबारी की संभावना कम मानी जा रही है।
गर्मियों के महीनों में जम्मू-कश्मीर की नदियों, झरनों, तालाबों, झीलों और कुओं में जलस्तर हो सकता है काफी कम
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि चिल्लई कलां बिना किसी बड़ी बर्फबारी के गुजरता है, तो गर्मियों के महीनों में जम्मू-कश्मीर की नदियों, झरनों, तालाबों, झीलों और कुओं में जलस्तर काफी कम हो सकता है। आम तौर पर इन जल स्रोतों को पहाड़ों में मौजूद बारहमासी पानी के भंडारों से पानी मिलता है, जो चिल्लई कलां के दौरान भारी बर्फबारी से भरते हैं। फरवरी और मार्च में होने वाली बर्फबारी बढ़ते तापमान के कारण अधिक समय तक टिक नहीं पाती।
ठंडे और शुष्क मौसम को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
घाटी में अब तक बड़ी बर्फबारी न होने से किसान, बागवान और खेती से जुड़े अन्य लोग चिंता में हैं। श्रीनगर शहर समेत मैदानी इलाकों में इस मौसम की पहली बर्फबारी अभी तक नहीं हुई है। ठंडे और शुष्क मौसम को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेष रूप से उन्हें, जिन्हें दिल और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का इतिहास रहा है। ऐसे लोगों को मौसम के गर्म होने तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से केंद्र शासित प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हुई थी। (इनपुट-आईएएनएस)


