केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर विकसित भारत जी रामजी योजना लागू किए जाने को लेकर कांग्रेस के विरोध पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को इस योजना में कोई कमी नजर आती है तो उसे तथ्यों के साथ सामने आना चाहिए। केवल विरोध के लिए विरोध करना उचित नहीं है।
योजना में गोशाला निर्माण, तालाब निर्माण जैसे कार्यों को भी किया गया शामिल
भोपाल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जी राम जी योजना से ग्रामीणों को मिलने वाले लाभ और इससे राज्य को होने वाले फायदों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जहां मनरेगा के तहत ग्रामीणों को 100 दिन का रोजगार मिलता था, वहीं जी राम जी योजना के तहत 125 दिन तक काम मिलेगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों के सुझाव के आधार पर कार्यों का चयन किया जाएगा। योजना में गोशाला निर्माण, तालाब निर्माण जैसे कार्यों को भी शामिल किया गया है।
कांग्रेस लगातार जी राम जी योजना का कर रही है विरोध
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि कांग्रेस लगातार मनरेगा के स्थान पर जी राम जी योजना का विरोध कर रही है, लेकिन कांग्रेस नेताओं को तथ्यात्मक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हों, राहुल गांधी हों या प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी-विपक्ष में होने का अर्थ केवल विरोध करना नहीं होता। विपक्ष को सकारात्मक और ठोस सुझावों के साथ सामने आना चाहिए।
योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस रहेगा। गोपालन, मछली पालन और कुटीर उद्योग जैसे क्षेत्रों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा, ताकि ग्रामीणों की आय बढ़े और आर्थिक स्थिति मजबूत हो। मुख्यमंत्री ने बताया कि जी राम जी योजना को राज्य के 15 विभागों से जोड़ा जा रहा है।
60:40 के अनुपात में वित्तीय प्रावधान
योजना में केंद्र सरकार द्वारा 60:40 के अनुपात में वित्तीय प्रावधान किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार इसके लिए सक्षम है और इस योजना को मध्य प्रदेश में पहले ही लागू किया जा चुका है। (इनपुट-आईएएनएस)


