जल संचय जन भागीदारी पहल के तहत 1.55 करोड़ से अधिक के जल संरचनाओं का निर्माण

केंद्र सरकार की ‘जल संचय जन भागीदारी’ (JSJB) पहल के तहत देशभर में 1.55 करोड़ से अधिक कृत्रिम जल पुनर्भरण और भंडारण संरचनाओं का निर्माण किया गया है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक तथ्यपत्र के अनुसार, जून से दिसंबर 2025 के बीच वर्षा संबंधी आंकड़ों के आधार पर आकलन की गई 23 लाख संरचनाओं से भूजल पुनर्भरण का अनुमान 2.43 अरब घन मीटर लगाया गया है।

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सामुदायिक भागीदारी, विभिन्न योजनाओं के समन्वय, डिजिटल निगरानी और जल संरचनाओं के निर्माण को एक साथ जोड़कर ‘जल संचय जन भागीदारी : कैच द रेन’ अभियान जल-सुरक्षित भारत की नींव मजबूत कर रहा है।

इस पहल को ‘जल शक्ति अभियान : कैच द रेन’ के साथ एकीकृत किया गया है। अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, जल संरक्षण, जल संबंधी परिसंपत्तियों का निर्माण और जनभागीदारी को बढ़ावा देना शामिल है।

बयान के अनुसार, इस पहल के तहत स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कम लागत वाले उपायों को प्रोत्साहित किया गया है। टिकाऊ जल प्रबंधन के माध्यम से जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की क्षमता मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है।

इस अभियान में पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, महिला समूहों, युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, नागरिक समाज संगठनों और स्थानीय समुदायों को शामिल किया गया है। ये सभी हितधारक जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं के निर्माण, उनके क्रियान्वयन और सामुदायिक स्तर पर निगरानी में योगदान देते हैं।

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ‘जल शक्ति अभियान : कैच द रेन’ पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन ने पारदर्शिता बढ़ाने, कार्यों की निगरानी करने और आम लोगों से सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

यह अभियान वर्ष 2019 में शुरू हुए जल शक्ति अभियान की सफलता पर आधारित है। उस अभियान के तहत वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए 256 जिलों के 1,592 जल-संकटग्रस्त प्रखंडों को शामिल किया गया था।

इसके साथ ही भूजल पुनर्भरण, जलग्रहण क्षेत्रों का विकास, जल निकायों का पुनर्जीवन, वनीकरण और जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया गया था। इन प्रयासों को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बयान में कहा गया है कि जल संरक्षण अब सामुदायिक भागीदारी पर आधारित टिकाऊ जल प्रबंधन आंदोलन का रूप ले रहा है। ‘कैच द रेन’ और ‘जल संचय जन भागीदारी’ जैसी पहल वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जल निकायों के पुनर्जीवन को प्रोत्साहित कर रही हैं।

आधिकारिक तथ्यपत्र के अनुसार, वैज्ञानिक योजना, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और संसाधनों के समन्वित उपयोग से जल सुरक्षा मजबूत हो रही है। इससे ग्रामीण आजीविका और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की क्षमता को भी बढ़ावा मिल रहा है।

-(इनपुटः आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

49 mins ago | 36 Hours Nirjala Vrat

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर आज संपन्न होगा छठ महापर्व, व्रती खोलेंगे 36 घंटे का निर्जला व्रत

लोक आस्था, प्रकृति और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अ...

7 hours ago | Gadchiroli

नक्सली हिंसा की सबसे बड़ी कीमत आदिवासियों ने चुकाई, पिछली सरकारों ने की उपेक्षा : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि नक्सली हिंसा के कारण आदिवासी समुदायों को सबसे अ...