18/12/25 | 2:48 pm

Print

बिहार में अपराध जांच को मिली रफ्तार, सीएम नीतीश ने 34 मोबाइल फॉरेंसिक वाहनों को किया रवाना

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को साक्ष्य संकलन और अपराध अनुसंधान में सहायता के लिए 34 मोबाइल फॉरेंसिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहनों को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री ने उनका निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद से विधि-व्यवस्था के संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य में कानून का राज स्थापित किया गया है। इसके लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। आपराधिक मामलों की जांच में तेजी लाने के उद्देश्य से 34 नए मोबाइल फॉरेंसिक वाहनों का लोकार्पण किया गया है। ये सभी वाहन आधुनिक जांच उपकरणों से लैस हैं।

इन वाहनों की मदद से अपराध की घटना स्थल पर पहुंचकर तत्काल जांच की जा सकेगी शुरू

उन्होंने कहा कि इन वाहनों की मदद से अपराध की घटना स्थल पर पहुंचकर तत्काल जांच शुरू की जा सकेगी। पहले किसी अपराध की स्थिति में साक्ष्य एकत्र कर उन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजना पड़ता था, जिसमें काफी समय लग जाता था। विलंब के कारण पीड़ित परिवारों में असंतोष भी रहता था। अब मोबाइल फॉरेंसिक टीमें घटना स्थल पर ही जांच शुरू कर देंगी, जिससे लोगों को काफी सुविधा होगी।

सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा तथा विजय कुमार चौधरी भी इस कार्यक्रम में थे उपस्थित 

इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा तथा जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित थे।

सरस मेला का आयोजन 12 दिसंबर से 28 दिसंबर तक

इसके बाद नीतीश कुमार ने गांधी मैदान में आयोजित बिहार सरस मेला का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बिहार सरस मेला का आयोजन 12 दिसंबर से 28 दिसंबर तक किया गया है। इस मेले में बिहार के अलावा देश के अन्य राज्यों के लोग भी अपने उत्पादों की बिक्री कर रहे हैं। मेले में हस्तशिल्प, लोककला और देशी व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का किया निरीक्षण 

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली। उपस्थित उत्पादकों और विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि मेले में प्रदर्शित सामान लोगों को पसंद आ रहे हैं और अच्छी बिक्री हो रही है।

ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे हैं कई कदम 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरस मेला की अपनी एक अलग पहचान है। यहां लगाए गए उत्पाद काफी आकर्षक हैं। ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार कई कदम उठाए जा रहे हैं। (इनपुट-आईएएनएस)