प्रतिक्रिया | Monday, April 21, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

06/03/24 | 4:45 pm

printer

Crisil के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025 में भारत की जीडीपी की दर 6.8%, 2031 तक उच्च मध्यम-आय वाला देश होगा भारत 

भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था के विकास की रफ्तार को लेकर दुनिया भर की रेटिंग एजेंसियां सकारात्मक नजर आ रही हैं। 4 मार्च को अंतर्राष्‍ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज (Moodys) ने भारतीय इकोनॉमी के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए कहा था कि वर्ष 2024 में भारत की आर्थिक विकास दर 6.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। मूडीज के बाद अब रेटिंग एजेंसी क्रिसिल (Crisil) ने भी अगले वित्त वर्ष में भारत की विकास दर, यानी जीडीपी (GDP) की वृद्धि दर 6.8 फीसदी रहने का अनुमान जाताया है। साथ ही क्रिसिल ने बीते बुधवार (5 मार्च) को यह भी कहा कि साल 2031 तक भारत उच्‍च-मध्‍यम आय वाला देश बन जाएगा और देश की अर्थव्‍यवस्‍था भी दोगुना होकर सात लाख करोड़ डॉलर यानी 7 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी।

2031 तक बनेगा तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था

क्रिसिल ने अपनी इंडिया आउटलुक रिपोर्ट में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को घरेलू संरचनात्मक सुधारों और चक्रीय स्थितियों (Cyclical Levers) से मदद मिलेगा और यह वर्ष 2031 तक तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लिए अपनी वृद्धि संभावनाओं को बरकरार रखने के लिए उसमें सुधार भी कर सकती है। आउटलुक रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में उम्मीद से बेहतर यानी 7.6 प्रतिशत रहने के बाद, भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि वित्त वर्ष 2025 में मध्यम होकर 6.8 प्रतिशत होने की संभावना है। 

2031 तक 7 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की होगी भारतीय अर्थव्यस्था 

इसमें कहा गया है कि अगले सात वित्तीय वर्ष (2025-2031) में भारतीय अर्थव्यवस्था 7 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के करीब पहुंच जाएगी। क्रिसिल के मुताबिक इस अवधि में 6.7 प्रतिशत का अनुमानित औसत विस्तार भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना देगा और 2031 तक प्रति व्यक्ति आय को उच्च-मध्यम आय वर्ग तक बढ़ा देगा। भारत, 3.6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की GDP के आकार के साथ, वर्तमान में अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी के बाद दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

प्रति व्यक्ति आय में होगा विस्तार

क्रिसिल को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2031 तक अर्थव्यवस्था का विस्तार 6.7 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक हो जाएगा। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2031 में भारत प्रति व्यक्ति आय 4,500 अमेरिकी डॉलर तक बढ़ने के साथ उच्च मध्यम आय वाले देशों के क्लब में प्रवेश करेगा। आपको बता दें कि विश्व बैंक की परिभाषा के अनुसार, निम्न-मध्यम आय वाले देश वे हैं जिनकी प्रति व्यक्ति आय 1,000-4,000 अमेरिकी डॉलर के बीच है, और उच्च-मध्यम आय वाले देश वे हैं जिनकी प्रति व्यक्ति आय 4,000-12,000 अमेरिकी डॉलर के बीच है। क्रिसिल के प्रबंध निदेशक और सीईओ अमीश मेहता ने कहा कि वित्त वर्ष 2031 तक भारत नंबर 3 अर्थव्यवस्था और उच्च-मध्यम आय वाला देश होगा, जो घरेलू खपत के लिए सकारात्मक होगा।

आगंतुकों: 23952838
आखरी अपडेट: 20th Apr 2025