चाइनीज मांझे से मौत हत्या के समान, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि चाइनीज मांझे की वजह से किसी व्यक्ति की मृत्यु होना हत्या के समान है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पूरी तरह प्रतिबंधित है चाइनीज मांझा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इसकी उपलब्धता गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को प्रदेशव्यापी सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

बिक्री, भंडारण और परिवहन पर सख्त कार्रवाई

सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान चाइनीज मांझे की केवल बिक्री ही नहीं, बल्कि इसके भंडारण और परिवहन पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर इसकी आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह तोड़ने के आदेश दिए हैं।

उच्च स्तर पर होगी नियमित समीक्षा

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस अभियान की प्रगति और की गई कार्रवाई की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और प्रतिबंध का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

आमजन, बच्चों और पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा खतरा

सीएम योगी ने कहा कि जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। चाइनीज मांझा न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि यह आमजन, बच्चों और पशु-पक्षियों के लिए भी जानलेवा खतरा है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को इस खतरनाक मांझे से पूरी तरह मुक्त करना है। (इनपुट: आईएएनएस)