टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास से ‘विकसित गुजरात 2047’ की नींव मजबूत: सीएम भूपेंद्र पटेल

वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने और देश के सभी राज्यों के संतुलित विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टियर-2 और टियर-3 शहरों के रणनीतिक विकास का स्पष्ट विजन प्रस्तुत किया है। इसी विजन के अनुरूप गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में अक्टूबर 2025 में पांच सैटेलाइट टाउन विकसित करने का अहम निर्णय लिया गया है।

टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले अर्बन प्लानर्स की नियुक्ति

इस निर्णय के क्रियान्वयन की दिशा में अब इन शहरों के मास्टर प्लान तैयार करने के लिए अर्बन प्लानर्स को आमंत्रित किया गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले अर्बन प्लानर्स की नियुक्ति की जा रही है। आगामी दो महीनों में कंसल्टेंट की नियुक्ति होगी, जो एक वर्ष के भीतर इन शहरों के मास्टर प्लान तैयार कर प्रस्तुत करेंगे।

वर्ष 2030 तक इन सैटेलाइट टाउन में महानगरों जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है

राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक इन सैटेलाइट टाउन में महानगरों जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि बड़े शहरों पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके और रोजगार के नए अवसर सृजित हों। ‘अर्निंग वेल-लिविंग वेल’ के मंत्र को साकार करने के उद्देश्य से अहमदाबाद के पास साणंद, वडोदरा के पास सावली, गांधीनगर के पास कलोल, सूरत के पास बारडोली तथा राजकोट के पास हीरासर को सैटेलाइट टाउन के रूप में विकसित करने का निर्णय किया गया है।

स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा

सैटेलाइट टाउन ऐसे शहर होते हैं, जो किसी बड़े शहर या महानगर के निकट स्थित हों और जहां तक लगभग एक घंटे में पहुंचा जा सके। इन शहरों को आर्थिक गतिविधियों के सक्रिय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे न केवल शहरीकरण का संतुलन बनेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा। इन सैटेलाइट टाउन में विश्व स्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

मास्टर टाउन प्लानिंग के तहत परिवहन, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं होंगी विकसित 

मास्टर टाउन प्लानिंग के तहत परिवहन, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं विकसित होंगी। साथ ही अत्याधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था (इलेक्ट्रिक बस सुविधा सहित), उच्च गुणवत्ता वाली जलापूर्ति और वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली, रिंग रोड, अर्बन फॉरेस्ट पार्क, सुंदर तालाब, मॉडल फायर स्टेशन तथा मिक्स यूज इन्फ्रास्ट्रक्चर (जहां ऑफिस, आवास और दुकानें एक-दूसरे के नजदीक हों) का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं को तेजी से अमल में लाने के लिए राज्य सरकार ने मंजूरी और निगरानी समिति का भी गठन किया है, ताकि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप कार्यरत

शहरी विकास के विजन को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “अर्बन एरिया देश का ग्रोथ सेंटर है। विकसित भारत के निर्माण के लिए शहरों को आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाना होगा और स्पष्ट टारगेट के साथ नए उत्पादन तथा क्वॉलिटी वर्क पर ध्यान देना होगा। आज देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप कार्यरत हैं, जिनमें से अधिकांश टियर-2 और टियर-3 शहरों में हैं। इन स्टार्टअप में बड़ी संख्या में बेटियां नेतृत्व कर रही हैं। इन शहरों के बच्चे शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी आगे हैं। ऐसे छोटे शहरों में विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।” (इनपुट: आईएएनएस)