केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने स्टेराइल दवाओं के निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए ड्रग्स रूल्स, 1945 के Schedule M में संशोधन का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत Grade A क्लीन एरिया में सूक्ष्मजीवों से होने वाले संक्रमण की निर्धारित सीमा को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दिशानिर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।
मंत्रालय ने 28 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना G.S.R. 953(E) के माध्यम से यह प्रस्ताव रखा है। इसका उद्देश्य Schedule M में निर्धारित सूक्ष्मजीव संदूषण की मौजूदा सीमाओं और WHO के मानकों के बीच अंतर को दूर करना है।
स्टेराइल दवाओं के निर्माण में Grade A क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इन क्षेत्रों में खुली दवाओं, कंटेनरों और स्टेरिलाइज किए गए उपकरणों को संभाला जाता है। ऐसे में दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यहां सूक्ष्मजीवों पर सख्त नियंत्रण जरूरी है।
प्रस्तावित संशोधन के तहत Grade A क्षेत्रों में सूक्ष्मजीवों की किसी भी तरह की वृद्धि पाए जाने पर जांच शुरू करना आवश्यक होगा। इससे देश में स्टेराइल दवा निर्माण के नियामकीय ढांचे को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रस्तावित संशोधन पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए हैं। इन्हें अवर सचिव (औषधि विनियमन), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, U-6, वर्क हॉल, सी विंग, प्रथम तल, कर्तव्य भवन-1, नई दिल्ली-110001 पर भेजा जा सकता है। इसके अलावा drugsdiv-mohfw@gov.in पर ईमेल भी किया जा सकता है।
-(इनपुटः पीआईबी)


