सदन में विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण भी टल गया। प्रधानमंत्री को बुधवार शाम 5 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब देना था।
विपक्ष के हंगामे से बाधित हुई कार्यवाही
इससे पहले लोकसभा में दिनभर जोरदार हंगामा देखने को मिला। स्थिति को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पहले सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक, फिर 2 बजे तक और इसके बाद शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। अंततः लगातार व्यवधान के चलते कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राहुल गांधी की टिप्पणी पर रवनीत सिंह बिट्टू का पलटवार
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने संसद परिसर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उन पर शारीरिक रूप से हमला करने वाले थे।
“मुझ पर हमला करने ही वाले थे” : रवनीत
बातचीत में रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “आज तो कोई गली का गुंडा भी ऐसा नहीं करेगा जैसा राहुल गांधी ने किया। जब मैंने हाथ नहीं मिलाया, तो वह मुझ पर हमला करने ही वाले थे। केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने राहुल गांधी को पकड़ा। अगर वे उन्हें नहीं पकड़ते तो पता नहीं क्या कुछ होता।”
“मेरे हाथ भी बंधे नहीं होते” : बिट्टू
उन्होंने आगे कहा, “अगर राहुल गांधी हमला करने आते तो मेरे हाथ भी बंधे हुए नहीं होते।” बिट्टू ने बताया कि बहस के बाद वह सदन के अंदर चले गए। उन्होंने सवाल उठाया कि कोई कैसे इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर सकता है और फिर कहे कि दोबारा मेरे पास ही आओगे।
भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे सम्मान दिया: रवनीत सिंह
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “राहुल गांधी गलतफहमी में हैं। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे सम्मान दिया है और कांग्रेस नेताओं के सामने बैठाया है। उन्हें इस बात का दर्द है। मुझे सामने देखकर उन्हें रोज दर्द होता है। वह दर्द आज राहुल गांधी की जुबान और शारीरिक व्यवहार में साफ दिखाई दिया।” (इनपुट: आईएएनएस)


