जापान में मंगलवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, शिमाने और तोतोरी प्रांत में 6.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। क्योडो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि भूकंप के बाद सुनामी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजकर 18 मिनट पर शिमाने प्रांत के पूर्वी इलाके में पहला तेज झटका महसूस हुआ
स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजकर 18 मिनट पर शिमाने प्रांत के पूर्वी इलाके में पहला तेज झटका महसूस हुआ। जापान के सात-स्तरीय भूकंपीय पैमाने पर इसकी तीव्रता ऊपरी स्तर 5 दर्ज की गई। इसके बाद सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर दूसरा झटका आया, जिसकी तीव्रता निचले स्तर 5 या 5.1 बताई गई। वहीं, सुबह 10 बजकर 37 मिनट पर 5.4 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया।
भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, शुरुआती भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है। इस बीच, मात्सुए शहर स्थित शिमाने परमाणु बिजली संयंत्र के अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के बाद वहां किसी भी तरह की असामान्य स्थिति नहीं पाई गई है।
पश्चिमी जापान में बुलेट ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा
भूकंप के कारण बिजली आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हुई, जिससे पश्चिमी जापान में बुलेट ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। जेआर वेस्ट के अनुसार, सान्यो शिंकानसेन लाइन की सेवाएं ओकायामा और हिरोशिमा स्टेशनों के बीच निलंबित कर दी गईं। रेलवे कंपनी ने उम्मीद जताई है कि दोपहर करीब 1 बजे तक सेवाएं फिर से शुरू हो सकती हैं। क्योडो न्यूज के मुताबिक, लाइन के अन्य हिस्सों में भी ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
इससे पहले पिछले साल 31 दिसंबर को भी जापान के उत्तरी हिस्से में इवाते प्रांत के तट के पास 5.7 तीव्रता का भूकंप आया था
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले साल 31 दिसंबर को भी जापान के उत्तरी हिस्से में इवाते प्रांत के तट के पास 5.7 तीव्रता का भूकंप आया था। उस भूकंप का केंद्र इवाते के पूर्वी तट से करीब 30 किलोमीटर की गहराई में था और मोरिओका शहर में इसकी तीव्रता 4 मापी गई थी। उस दौरान भी सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई थी। (इनपुट: आईएएनएस)


