भारत निर्वाचन आयोग ने भारत के अध्यक्षीय कार्यक्रम 2026 के तहत अंतरराष्ट्रीय आईडीईए के सहयोग से “जोखिम प्रबंधन और चुनावी सुदृढ़ता” विषय पर पांच-दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। यह कार्यशाला 25 से 29 मई 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान में आयोजित की जा रही है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रतिभागियों को किया संबोधित
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ प्रतिभागियों को संबोधित किया। पहले दिन प्रतिभागियों ने आयोग के साथ संवाद भी किया।
12 देशों के 32 प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा
इस कार्यक्रम में 12 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले निर्वाचन आयुक्तों और निर्वाचन प्रबंधन निकायों के वरिष्ठ अधिकारी, निर्वाचन प्रबंधक, जोखिम प्रबंधन एवं तकनीकी पेशेवर तथा संकट प्रबंधन एवं चुनावी विश्वसनीयता से जुड़ी पहलों में कार्यरत अधिकारी शामिल हैं। कुल 32 प्रतिभागी इस कार्यशाला में हिस्सा ले रहे हैं।
चुनावी सुदृढ़ता और सार्वजनिक विश्वास पर फोकस
कार्यशाला का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रियाओं में संस्थागत तैयारी और सुदृढ़ता को मजबूत करना है। इसके तहत निर्वाचन प्रबंधन निकायों को व्यवस्थित चुनावी जोखिम प्रबंधन ढांचे, नीतियों और संचालन प्रणालियों को विकसित और संस्थागत बनाने में सहायता प्रदान की जाएगी। प्रतिभागियों ने तेजी से जटिल होते जोखिमपूर्ण माहौल में चुनावी विश्वसनीयता, निरंतरता, वैधता और सार्वजनिक विश्वास की रक्षा के लिए चुनावी जोखिमों की सक्रिय पहचान, मूल्यांकन और प्रबंधन की आवश्यकता पर चर्चा की।
कई महत्वपूर्ण विषयों पर होगा मंथन
कार्यशाला में चुनावी जोखिम प्रबंधन की बुनियाद, चुनावी विश्वसनीयता एवं सुरक्षा उपाय, जोखिम की पहचान और आकलन, सुदृढ़ता एवं संकट प्रबंधन, अंतर-एजेंसी समन्वय और रणनीतिक योजना जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
व्यावहारिक प्रशिक्षण और क्षेत्र भ्रमण भी शामिल
कार्यक्रम में चुनावी जोखिम प्रबंधन उपकरण (ईआरएम टूल) पर व्यावहारिक प्रदर्शन और अभ्यास भी कराए जा रहे हैं। इसमें जोखिम कारक पुस्तकालय, जोखिम एवं कार्रवाई रजिस्टर, विश्लेषणात्मक उपकरण और संसाधन पोर्टलों के उपयोग को शामिल किया गया है। इसके अलावा जमीनी स्तर पर चुनावी योजना, समन्वय तंत्र और जोखिम कम करने के व्यावहारिक तरीकों को समझने के लिए क्षेत्र भ्रमण और संस्थागत संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।
भारत की अध्यक्षता में आयोजित हो रही कार्यशाला
यह कार्यशाला 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय आईडीईए के सदस्य देशों की परिषद में भारत की अध्यक्षता के तहत आईआईआईडीईएम और अंतरराष्ट्रीय आईडीईए के सहयोग ढांचे के हिस्से के रूप में आयोजित की गई है। (इनपुट: पीआईबी)


